हिंद महासागर में मिला 1.5 किलोमीटर लंबा विशाल कोरल, 100 बसों के बराबर है इसका आकार

Share

- Advertisement -

Cocos Islands News: शोधकर्ताओं ने हिंद महासागर में ऑस्ट्रेलिया के कोकोस आइलैंड्स के पास करीब 1.5 किलोमीटर लंबा एक विशाल कोरल खोजा है, जिसका आकार लगभग 100 बसों के बराबर है। वैज्ञानिक इसे दुनिया की सबसे बड़ी कोरल कॉलोनियों में से एक मान रहे हैं और अब डीएनए जांच के जरिए इसकी सटीक उम्र व प्रजाति का पता लगा रहे हैं।

समुद्री जीवन के अध्ययन से जुड़े शोधकर्ताओं को हिंद महासागर में एक बड़ी सफलता मिली है। वैज्ञानिकों ने ऑस्ट्रेलिया के पास स्थित कोकोस आइलैंड्स के एटोल की बाहरी ढलान पर लगभग 1.5 किलोमीटर लंबा एक विशाल गुलाबी कोरल खोजा है। इसकी लंबाई करीब 100 बसों के बराबर आंकी गई है और इसे दुनिया की सबसे बड़ी कोरल कॉलोनियों में से एक माना जा रहा है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह कोरल सैकड़ों या हजारों साल पुराना हो सकता है।

12 डाइव के बाद तैयार हुआ नक्शा

कोरल, जिसे सामान्य भाषा में मूंगा भी कहा जाता है, बिना रीढ़ की हड्डी वाले समुद्री जीवों से मिलकर बनता है। देखने में ये रंग-बिरंगे पौधों या पत्थरों जैसे लगते हैं, लेकिन वास्तव में ये जीवित होते हैं और समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र का आधार माने जाते हैं। इस नए खोजे गए कोरल को ‘पचीसेरिस’ (Pachyseris) समूह से जुड़ा माना जा रहा है।

साइंस अलर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, समुद्री जीव वैज्ञानिक जेपी हॉब्स ने कहा है कि उन्होंने अपने पूरे करियर में इतना बड़ा कोरल पहले कभी नहीं देखा। कोकोस आइलैंड्स में डाइविंग कराने वाले डाइटर गेरहार्ड ने बताया कि उन्होंने करीब 30 साल पहले इस कोरल को देखा था, लेकिन तब उन्हें इसके इतने विशाल क्षेत्र में फैले होने का अंदाजा नहीं था। अब जेपी हॉब्स ने उसी स्थान से शुरुआत करते हुए 12 अलग-अलग डाइव लगाकर इसकी लंबाई मापी और इसका पूरा नक्शा तैयार किया है।

डीएनए और मॉलिक्यूलर क्लॉक से खुलेगा उम्र का राज

इस विशाल संरचना को समझने के लिए वैज्ञानिकों ने इसके 50 अलग-अलग हिस्सों से सैंपल एकत्र किए हैं। शोधकर्ताओं के सामने अभी दो मुख्य सवाल हैं। पहला यह कि यह कोरल पहले से ज्ञात ‘पचीसेरिस’ प्रजाति का ही हिस्सा है या कोई नई प्रजाति है। दूसरा यह कि 1.5 किलोमीटर में फैला यह ढांचा एक ही जीव है या फिर कई अलग-अलग कोरल कॉलोनियों के आपस में जुड़ने से बना है।

इन सवालों का जवाब खोजने के लिए वैज्ञानिक कोरल के डीएनए में समय के साथ हुए सूक्ष्म बदलावों (म्यूटेशन) का अध्ययन करेंगे। यदि यह एक ही जीव होगा, तो इसके विभिन्न हिस्सों के डीएनए की तुलना से इन बदलावों का पता चल सकेगा। इसके आधार पर वैज्ञानिक ‘मॉलिक्यूलर क्लॉक’ तकनीक का उपयोग करेंगे, जिससे डीएनए में हुए परिवर्तनों के जरिए जीव के विकास और उसकी वास्तविक उम्र का सटीक अनुमान लगाया जा सकेगा।

Read more

Related News