Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में काकादेव थाना क्षेत्र के मतैयापुरवा में चचेरी बहन से कहासुनी के बाद एक युवक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीन महिलाओं को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है।
कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र अंतर्गत शास्त्री नगर स्थित मतैयापुरवा में पारिवारिक विवाद के चलते 37 वर्षीय राकेश कुमार प्रजापति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। राकेश पेशे से मजदूर थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे वह घर लौटे थे, तभी पड़ोस में रहने वाली उनकी चचेरी बहन सुमन से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने पर आरोप है कि सुमन ने राकेश को थप्पड़ मार दिए। इसके बाद सुमन का भाई रवि अपनी पत्नी अनीता और मां पप्पी के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि इन तीनों ने मिलकर राकेश पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। गंभीर चोटें आने से राकेश जमीन पर गिर पड़े।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, मुख्य आरोपी फरार
मारपीट की सूचना मिलने पर राकेश की पत्नी मोनी मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद राकेश को मृत घोषित कर दिया।
आरोप है कि राकेश को अस्पताल पहुंचाने के बाद मुख्य आरोपी रवि मौके से फरार हो गया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने रवि के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद फोरेंसिक टीम और पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
तीन महिलाएं हिरासत में, दो टीमें गठित
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फरार मुख्य आरोपी रवि की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें दबिश दे रही हैं। राकेश अपने परिवार में पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां और दो बेटे हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।