झुंझुनूं के खेतड़ी में सरपंच चुनाव के दौरान हिंसक झड़प में पूर्व सरपंच की मौत, चार-पांच लोग घायल

Share

- Advertisement -

Jhunjhunu News: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के खेतड़ी इलाके के विजयनगर में सोमवार को पंचायत चुनाव के दौरान मतदान केंद्र पर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण की मौत हो गई और चार-पांच अन्य लोग घायल हो गए। मृतक की पुत्रवधू सुमन सरपंच पद का चुनाव लड़ रही थीं। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव लेने से इनकार कर दिया है।

राजस्थान पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के तहत झुंझुनूं जिले के खेतड़ी क्षेत्र स्थित विजयनगर में सोमवार को मतदान के दौरान दो पक्षों में हुआ विवाद हिंसक हो गया। इस झड़प में पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई, जबकि चार से पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नीमकाथाना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मतदान केंद्र पर विवाद के बाद लाठी-सरियों से हमले का आरोप

जानकारी के अनुसार, विजयनगर से पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण की पुत्रवधू सुमन सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ रही थीं। मतदान के दौरान सुमन के समर्थकों और प्रतिद्वंदी प्रत्याशी के पक्ष के लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जिसने जल्द ही हिंसक झड़प का रूप ले लिया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि प्रतिद्वंदी प्रत्याशी के पति जयपाल और उसके साथियों ने लाठियों, सरियों और पत्थरों से हमला कर दिया, साथ ही दोनों पक्षों के बीच कुर्सियां भी फेंकी गईं। घायल बुगलाराम ने बताया कि वे लोग बैठे हुए थे, तभी दूसरे प्रत्याशी के पति जयपाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला किया, जिसमें लक्ष्मीनारायण के सिर पर गंभीर चोट लगी और उनकी जान चली गई।

पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया, परिजनों ने किया प्रदर्शन का ऐलान

घटना की सूचना मिलते ही नीमकाथाना के पुलिस उपाधीक्षक सुशील मान और कोतवाली थाना अधिकारी विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मृतक के शव को नीमकाथाना जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

मृतक के पोते हंसराज ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण चल रही थी, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक इस मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक परिजन शव नहीं लेंगे और आंदोलन जारी रहेगा।

पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने अस्पताल पहुंचकर की कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह नीमकाथाना जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की निंदा की। उन्होंने मृतक का शव नीमकाथाना से खेतड़ी अस्पताल की मोर्चरी में स्थानांतरित कराने तथा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस संबंध में झुंझुनूं के जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) तथा राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म से फोन पर बातचीत कर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। फिलहाल क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच जारी है।

Read more

Related News