आरएसी टिकट पर आधी सीट के लिए पूरा किराया वसूले जाने पर उठे सवाल, समीक्षा कर रहा रेल मंत्रालय

Share

- Advertisement -

New Delhi News: भारतीय रेलवे आरएसी (रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन) टिकट धारकों से पूरा किराया वसूलने की दशकों पुरानी व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है। संसदीय समिति की सिफारिश के बाद रेल मंत्रालय इस बात पर विचार कर रहा है कि जब यात्रियों को पूरी बर्थ के बजाय आधी सीट दी जाती है, तो उनसे पूरा किराया क्यों लिया जाए।

भारतीय रेलवे में रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन (आरएसी) टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों से पूरा किराया वसूले जाने की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रेल मंत्रालय ने इस दशकों पुरानी व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। इस कदम के बाद आरएसी टिकट के किराये में कमी किए जाने की संभावना पर विचार-विमर्श तेज हो गया है।

वर्तमान नियम के तहत, यदि आरएसी टिकट यात्रा से पहले कंफर्म नहीं हो पाता है, तो दो यात्रियों को एक ही साइड लोअर बर्थ साझा करनी पड़ती है। इसके बावजूद रेलवे दोनों यात्रियों से पूरी बर्थ के बराबर किराया वसूलता है। यदि मंत्रालय इस नियम में बदलाव करता है, तो इससे देश के लाखों रेल यात्रियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।

संसदीय समिति की सिफारिश पर शुरू हुआ मंथन

आरएसी टिकट के किराये का यह मुद्दा संसदीय समिति के समक्ष भी उठ चुका है। समिति ने रेल मंत्रालय से इस व्यवस्था की समीक्षा करने की सिफारिश करते हुए सवाल किया था कि जब यात्री को अलग से पूरी बर्थ उपलब्ध नहीं कराई जाती, तो उनसे पूरा किराया क्यों वसूला जाता है। समिति का मानना है कि यात्रियों के हित में इस पुरानी आरक्षण व्यवस्था में बदलाव करने का समय आ गया है।

अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया

रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जब किसी यात्री को पूरी सीट नहीं मिल रही है, तो उससे पूरा किराया वसूलना उचित नहीं है और मंत्रालय इसी दिशा में विचार कर रहा है। हालांकि, अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रस्ताव पर अभी केवल मंथन चल रहा है और किराये में कटौती को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

मौजूदा आरएसी व्यवस्था के तहत यात्रियों को आरक्षित कोच में यात्रा करने की अनुमति तो मिल जाती है, लेकिन बर्थ खाली न होने की स्थिति में उन्हें पूरी यात्रा बैठकर करनी पड़ती है।

Read more

Related News