ट्रेन में रात के सफर के दौरान 6 घंटे बंद रहेंगे चार्जिंग पॉइंट, रेलवे ने सुरक्षा कारणों से जारी किए निर्देश

Share

- Advertisement -

Kota News: भारतीय रेलवे ने ट्रेनों में आगजनी और शॉर्ट सर्किट के खतरों को रोकने के लिए रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के नियम की सख्त पालना सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। इस 6 घंटे की अवधि में यात्री मोबाइल व अन्य उपकरण चार्ज नहीं कर सकेंगे। नियमों का पालन जांचने के लिए ट्रेनों में औचक निरीक्षण भी किए जाएंगे।

ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने कोचों में मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के चार्जिंग पॉइंट रात के समय बंद रखने के निर्देशों को सख्ती से लागू करने का फैसला किया है। नई व्यवस्था के तहत ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग पॉइंट पूरी तरह बंद रहेंगे। रेलवे प्रशासन ने इस व्यवस्था को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए संबंधित रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

ओवरहीटिंग और आगजनी की घटनाओं को रोकने का उद्देश्य

रेलवे के अनुसार इस कदम का मुख्य उद्देश्य चार्जिंग के दौरान मोबाइल फोन, पावर बैंक और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के अत्यधिक गर्म (ओवरहीट) होने से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है। कई बार लंबे समय तक चार्जिंग पर लगे रहने या उपकरणों में तकनीकी खामी की वजह से शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लंबी दूरी की ट्रेनों में अक्सर यात्री रात को फोन चार्जिंग पर लगाकर सो जाते हैं, जिससे खराबी आने पर समय रहते जानकारी नहीं मिल पाती। रात में 6 घंटे चार्जिंग बंद रहने से इस प्रकार के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

ट्रेनों में औचक निरीक्षण से जांची जाएगी व्यवस्था

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन निर्देशों की पालना केवल कागजी नहीं रहेगी, बल्कि इसे सुनिश्चित करने के लिए ट्रेनों में औचक निरीक्षण किए जाएंगे। जांच दल यह देखेगा कि निर्धारित समय सीमा यानी रात 11 से सुबह 5 बजे के बीच कोचों में चार्जिंग सुविधा बंद है या नहीं। इसके साथ ही ड्यूटी पर तैनात रेल कर्मचारियों को व्यवस्था पर निरंतर नजर रखने और यात्रियों को इस नियम के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई है।

धुआं दिखने या खराबी पर तुरंत सूचना देने की अपील

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने और सहयोग देने का अनुरोध किया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यदि यात्रा के दौरान किसी मोबाइल फोन, पावर बैंक या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण में अत्यधिक हीटिंग, धुआं निकलने अथवा तकनीकी गड़बड़ी के कोई संकेत दिखाई दें, तो इसे नजरअंदाज न करें और तत्काल ट्रेन में मौजूद ऑन-बोर्ड स्टाफ को सूचित करें। रेलवे ने सभी यात्रियों से रात 11 से सुबह 5 बजे के बीच अपने उपकरण चार्ज न करने की अपील की है।

Read more

Related News