New Delhi News: भारतीय नौसेना के युद्धपोतों की हवाई सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भारत ने इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (IAI) के साथ 1,976.40 करोड़ रुपये का समझौता किया है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हुए इस करार के तहत नौसेना के जहाजों पर तैनात बराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम का आधुनिकरण किया जाएगा।
भारतीय नौसेना के युद्धपोतों को दुश्मन के लड़ाकू विमानों, मिसाइलों और अन्य हवाई खतरों से बचाने के लिए बराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम को और अधिक आधुनिक बनाया जाएगा। रक्षा मंत्रालय ने बुधवार, 18 नवंबर को नई दिल्ली में इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (IAI) के साथ 1,976.40 करोड़ रुपये के इस रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर दोनों होंगे अपग्रेड
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस परियोजना को ‘अदर कैपिटल प्रोक्योरमेंट प्रोसीजर’ के तहत पूरा किया जाएगा। इस अपग्रेडेशन के अंतर्गत बराक मिसाइल सिस्टम के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर, दोनों को आधुनिक बनाया जाएगा। साथ ही, पुराने पड़ चुके उपकरणों और तकनीक को नई तकनीक से बदला जाएगा। इस व्यापक सुधार से भारतीय नौसेना के युद्धपोतों को विस्तारित रेंज (बढ़ी हुई मारक दूरी) वाली हवाई रक्षा क्षमता हासिल होगी।
कैसे काम करता है बराक डिफेंस सिस्टम?
बराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम एक नौसैनिक रक्षा प्रणाली है। हिब्रू भाषा में ‘बराक’ का अर्थ आसमानी बिजली होता है। समुद्र में तैनात युद्धपोतों के लिए दुश्मन के विमान और मिसाइलें बड़ा खतरा होते हैं। ऐसे में यह प्रणाली जहाजों को इन हवाई हमलों से बचाने के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच के रूप में काम करती है।
तीनों सेनाओं के आधुनिकीकरण पर जोर
नौसेना की क्षमता बढ़ाने का यह कदम तीनों सेनाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में चल रहे प्रयासों का हिस्सा है। इससे पहले इसी साल सितंबर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) ने सेना, वायुसेना और नौसेना के लिए करीब 1.1 लाख करोड़ रुपये के रक्षा प्रस्तावों को प्रशासनिक मंजूरी दी थी।
इन प्रस्तावों में हेलीकॉप्टर, रडार, सैन्य वाहन और टर्बाइन जैसे उपकरण शामिल थे। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इन प्रस्तावों के तहत 98 प्रतिशत आवश्यकता स्वीकृति (AoN) घरेलू रक्षा उद्योग से खरीद के लिए मंजूर की गई थी, जिसमें हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) से सेना और वायुसेना के लिए एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) खरीदने का प्रस्ताव भी शामिल था।