ग्वालियर के शीतला माता मंदिर हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हुई, पीएम मोदी और सीएम ने की मुआवजे की घोषणा

Share

- Advertisement -

Gwalior News: ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास रविवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। केंद्र और राज्य सरकार दोनों ने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं, दो नाबालिग बच्चे और दस पुरुष शामिल हैं। हादसे में घायल तीन से चार मरीजों की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है। बाकी लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार घायलों के स्वास्थ्य पर नजर रख रहे हैं।

पीएम और सीएम राहत कोष से मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री कार्यालय ने पोस्ट जारी कर बताया कि पीएमएनआरएफ से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये और सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता घोषित की है।

राज्य सरकार ने सभी घायलों के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंत्री राकेश शुक्ला और ऐदल सिंह कंसाना ग्वालियर पहुंचे। मंत्री राकेश शुक्ला ने ट्रॉमा सेंटर का दौरा कर घायलों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि सरकार बेहतर इलाज सुनिश्चित कर रही है और हादसे की विस्तृत जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

बैरिकेड्स तोड़कर मंदिर गेट से टकराया बेकाबू ट्रक

यह भीषण दुर्घटना रविवार तड़के करीब 1:30 बजे हुई। धान से लदा ट्रक छिनोर की तरफ से आ रहा था और ढलान पर अचानक बेकाबू हो गया। ट्रक पुलिस चेकपॉइंट और बैरिकेड्स तोड़ते हुए सड़क पर मौजूद श्रद्धालुओं को कुचलकर मंदिर की दीवार से टकरा गया। मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी इस टक्कर में घायल हुए हैं।

हादसे के बाद पीड़ितों के परिजनों में भारी रोष देखा गया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर मौके पर देरी से पहुंचने और घायलों को अस्पताल ले जाने में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं। कलेक्टर ने बताया कि आरटीओ की टीम ट्रक की तकनीकी जांच कर रही है ताकि बैरिकेड्स पार होने और ब्रेक फेलियर की सही वजह पता चल सके।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News