Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से बरामद लैपटॉप में कई धमकी भरे ईमेल मिले हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह धमकी 15 नवंबर को इंदौर में प्रस्तावित गायक दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट को रुकवाने के मकसद से भेजी गई थी।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर हाईकोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर बम से उड़ाने की धमकी भेजने के मामले में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। यूपी एटीएस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर उसके पास से लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। फॉरेंसिक व तकनीकी जांच के दौरान लैपटॉप से कई धमकी भरे संदेश मिले हैं, जिनमें ग्वालियर हाईकोर्ट को भेजा गया मेल भी शामिल है।
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को रद्द कराने की थी साजिश
प्राथमिक पूछताछ में पकड़ा गया युवक ईमेल भेजने की बात स्वीकार कर चुका है। जांच एजेंसियां इस बात की गहन पड़ताल कर रही हैं कि धमकी भरा संदेश उसी ने तैयार कर भेजा था या इसके पीछे किसी अन्य गिरोह का हाथ है। जांच में सामने आया है कि 15 नवंबर को इंदौर में दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के तहत होने वाले लाइव शो को बाधित करने और प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए हाईकोर्ट को निशाना बनाकर यह ईमेल भेजा गया था।
इंदौर और मुंबई कॉन्सर्ट को भी मिल चुकी हैं धमकियां
गायक दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों को लेकर पहले भी सुरक्षा संबंधी इनपुट सामने आ चुके हैं। इससे पूर्व इंदौर में होने वाले शो को ‘खालिस्तानी नेशनल आर्मी’ के नाम से भेजे गए एक ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। इसके अलावा 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में प्रस्तावित उनके कार्यक्रम को लेकर भी धमकी भरे संदेश मिलने की बात सामने आई थी, जिसकी सूचना मुंबई की पूर्व महापौर रितु तावड़े को ईमेल के माध्यम से मिली थी।
मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
लगातार मिल रहे इन धमकी भरे संदेशों के बाद मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र पुलिस के साथ-साथ तमाम केंद्रीय एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इंदौर में आयोजन को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की शर्त पर नई आयोजक एजेंसी को अनुमति देने की बात कही थी। दिलजीत दोसांझ वर्तमान में अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के तहत देश भर के विभिन्न शहरों में संगीत कार्यक्रम कर रहे हैं, जिसको लेकर अब आयोजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।