Dindigul News: तमिलनाडु के डिंडीगुल जिले में गुरुवार रात कोडईकनाल-पलानी घाट रोड पर सावरिक्काडु के पास 24 यात्रियों को ले जा रही एक मिनीबस 100 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी यात्री शादी समारोह से लौट रहे थे।
तमिलनाडु के डिंडीगुल जिले में गुरुवार रात (19 नवंबर) को कोडईकनाल-पलानी घाट रोड पर सावरिक्काडु के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में 24 यात्रियों को ले जा रही एक मिनीबस अनियंत्रित होकर 100 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। डिंडीगुल के सांसद सच्चिदानंदम ने फोन पर समाचार एजेंसी एएनआई को तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है।
शादी समारोह से घर लौट रहे थे सभी यात्री
जानकारी के अनुसार, बस में सवार सभी यात्री पलानी के मदीना नगर और उदुमलपेट के रहने वाले थे। वे कोडईकनाल के मूंजिक्कल के पास एक शादी के रिसेप्शन और विवाह के बाद के समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे।
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, घाट रोड पर अचानक ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद मिनीबस सड़क से उतरकर सीधे 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस व बचाव दल ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पलानी और कोडईकनाल से अग्निशमन एवं बचाव सेवा के कर्मी, पुलिस और स्थानीय निवासी तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। खाई से सभी घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।