दिल्ली पुलिस ने साबरमती जेल प्रशासन से मांगी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के मुलाकातियों की सूची

Share

- Advertisement -

New Delhi News: दिल्ली पुलिस ने गुजरात की साबरमती जेल प्रशासन से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से मिलने वाले और मिलने के इच्छुक लोगों की सूची तथा उनकी पृष्ठभूमि का विवरण मांगा है। पुलिस यह जांच कर रही है कि हाल ही में दिल्ली में हुई फिरौती और फायरिंग की घटनाओं में संदेश जेल से बाहर पहुंचाए जा रहे हैं या किसी अन्य द्वारा उसके नाम का उपयोग किया जा रहा है।

दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क और हालिया आपराधिक घटनाओं की जांच तेज कर दी है। इस सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने गुजरात की साबरमती जेल प्रशासन को पत्र लिखकर जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई से मुलाकात कर चुके लोगों और उससे मिलने के इच्छुक व्यक्तियों की सूची तथा उनकी पृष्ठभूमि (बैकग्राउंड) का विवरण मांगा है।

फिरौती और फायरिंग की घटनाओं से जुड़े तारों की जांच

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में दिल्ली के निहाल विहार क्षेत्र में एक निजी अस्पताल के मालिक से लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर 20 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस गिरोह का सदस्य बताया था। इसके अलावा बीते कुछ दिनों में राजधानी में हुई कई अन्य वारदातों में भी इस गिरोह का नाम सामने आया है।

वहीं, बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के आवास पर हुई फायरिंग की घटना में भी लॉरेंस गिरोह की संलिप्तता सामने आई थी। इस घटना को लेकर गिरोह से जुड़े अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर एक ऑडियो संदेश साझा किया था, जिसमें अन्य प्रमुख बॉलीवुड अभिनेताओं के भी निशाने पर होने का दावा किया गया था। इसके बाद कई अभिनेताओं के आवासों की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।

जेल से नेटवर्क संचालन या नाम के दुरुपयोग की पड़ताल

दिल्ली पुलिस के सूत्रों का कहना है कि मुलाकातियों की सूची और उनके रिकॉर्ड की जांच के जरिए पुलिस यह पता लगाना चाहती है कि क्या लॉरेंस बिश्नोई जेल के भीतर से अपने गिरोह का संचालन कर रहा है और मुलाकाती उसके संदेश बाहर पहुंचा रहे हैं, या फिर कोई अन्य व्यक्ति दहशत फैलाने के लिए उसके नाम का इस्तेमाल कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि लॉरेंस बिश्नोई लंबे समय से गुजरात की साबरमती जेल में बंद है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के तहत फिलहाल किसी भी राज्य की पुलिस उसकी हिरासत (कस्टडी) नहीं ले सकती है। यदि किसी जांच एजेंसी को उससे पूछताछ करनी होती है, तो उसे साबरमती जेल जाकर ही पूछताछ करनी पड़ती है।

Read more

Related News