Delhi News: दीपावली की शाम दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस में एक्यूआई 446 और गाजियाबाद में 763 तक दर्ज किया गया। राजधानी का औसत एक्यूआई 374 रहा, जहां ग्रैप-2 की पाबंदियां लागू हैं। पटाखों के धुएं के चलते रात में स्थिति और बिगड़ने की आशंका है।
दीपावली की शाम आतिशबाजी शुरू होने से पहले ही दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) की हवा तेजी से बिगड़ने लगी। शाम छह बजे के करीब दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 446 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। वहीं गाजियाबाद में उपलब्ध लाइव आंकड़ों के अनुसार यह आंकड़ा 763 तक पहुंच गया। राजधानी का कुल औसत एक्यूआई 374 रिकॉर्ड किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी को दर्शाता है। हवा की गिरती गुणवत्ता को देखते हुए दिल्ली में ग्रैप के दूसरे चरण (GRAP-2) की पाबंदियां पहले से लागू हैं।
दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में
राजधानी के विभिन्न निगरानी केंद्रों पर प्रमुख प्रदूषक तत्व PM2.5 पाया गया। दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के पार रहा। नॉर्थ कैंपस के अलावा बुराड़ी क्रॉसिंग पर 443, बवाना में 435, चांदनी चौक में 434, अलीपुर में 431 और मुंडका में 415 एक्यूआई दर्ज किया गया।
कुछ इलाकों में स्थिति तुलनात्मक रूप से कम गंभीर लेकिन चिंताजनक रही। नांगलोई में 394, वजीरपुर और मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम के पास 392, ओखला फेज-2 में 391, मंदिर मार्ग पर 386 और आईआईटी दिल्ली में 376 एक्यूआई दर्ज हुआ। दिलशाद गार्डन (IHBAS) में सूचकांक 345 रहा, जबकि श्री अरबिंदो मार्ग पर 284 और इग्नू मैदानगढ़ी में 246 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया।
एनसीआर शहरों का हाल: नोएडा में 603, मेरठ में 371
दिल्ली से सटे शहरों में भी वायु प्रदूषण का स्तर काफी ऊंचा देखा गया। लाइव रैंकिंग डेटा के मुताबिक गाजियाबाद का एक्यूआई 763 तक पहुंचा, जो खतरनाक श्रेणी में आता है। इसके अलावा नोएडा में एक्यूआई 603 दर्ज किया गया। दोनों शहरों में PM2.5 और PM10 मुख्य प्रदूषक रहे।
वहीं मेरठ में एक्यूआई 371 और शाम 6:21 बजे के अपडेट के अनुसार गुरुग्राम में 228 दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि दिल्ली के आधिकारिक स्टेशनवार आंकड़े और एनसीआर के लाइव आंकड़े अलग-अलग समय और गणना पैमानों पर आधारित हो सकते हैं।
पटाखों के धुएं से देर रात और बढ़ सकता है प्रदूषण
शाम ढलते ही बढ़े प्रदूषण स्तर से दिवाली की रात हवा और ज्यादा दमघोंटू होने की आशंका जताई जा रही है। पटाखों से निकलने वाले धुएं के कारण हवा में PM2.5 और अन्य हानिकारक कणों की सांद्रता में भारी बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम की मौजूदा स्थिति और हवा की धीमी गति भी प्रदूषकों के छंटने में बाधा बन सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्थिति बुजुर्गों, बच्चों और सांस की बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए विशेष रूप से जोखिम भरी है। नागरिकों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।