New Delhi News: दिल्ली में दिवाली के बाद वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है। बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने दिवाली के दिन पंजाब में जानबूझकर पराली जलाने के आरोप लगाए हैं, वहीं आम आदमी पार्टी ने इसे खारिज करते हुए बीजेपी पर पंजाब के किसानों को बदनाम करने का पलटवार किया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिवाली के बाद प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्तर तक पहुंचने के साथ ही सियासत गरमा गई है। बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि दिवाली के अवसर पर पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में अचानक बड़ा इजाफा हुआ। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि बीजेपी अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए पंजाब के किसानों पर दोष मढ़ने की कोशिश कर रही है।
सैटेलाइट आंकड़ों का हवाला देकर बीजेपी ने उठाए सवाल
बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने दावा किया कि पंजाब के किसानों की तरफ से मिली शिकायतों और सैटेलाइट आंकड़ों के अनुसार 5, 6 और 7 नवंबर को पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं सीमित थीं। उनके मुताबिक 7 नवंबर को राज्य में 125 जगहों पर आग लगने की घटनाएं दर्ज की गई थीं, लेकिन दिवाली की शाम और रात में यह संख्या बढ़कर लगभग 1,200 तक पहुंच गई।
कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया कि दिल्ली से पंजाब गए लोगों ने साजिश के तहत आग लगवाई है ताकि माहौल खराब किया जा सके। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने मामले में शामिल नेताओं के फोन रिकॉर्ड की जांच कराने की भी मांग उठाई।
आम आदमी पार्टी का पलटवार: ‘किसानों को बदनाम कर रही बीजेपी’
बीजेपी नेता के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता बलतेज सिंह पन्नू ने आरोपों को पूरी तरह खारिज किया। उन्होंने कहा कि धान की कटाई शुरू होने से पहले ही बीजेपी के नेता पंजाब के धुएं का मुद्दा उठाकर किसानों को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
पन्नू ने दावा किया कि पंजाब सरकार के प्रयासों के चलते राज्य में पराली जलाने की घटनाओं में करीब 90 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने केंद्र और बीजेपी से सवाल किया कि वे दिल्ली के प्रदूषण के लिए पंजाब पर आरोप लगाने के बजाय किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले 750 किसानों के मुद्दों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करें।
दिल्ली में एक्यूआई 400 के पार, हवा बेहद जहरीली
राजनीतिक बयानबाजी के बीच दिल्ली के नागरिकों को भारी प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार सुबह राजधानी के विभिन्न निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 के पार ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया।
सुबह 10 बजे दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) केंद्र पर अधिकतम 439 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा बुराड़ी क्रॉसिंग में 433, विवेक विहार में 421, दिल्ली यूनिवर्सिटी नॉर्थ कैंपस और सोनिया विहार में 419-419, तथा बवाना में 418 एक्यूआई दर्ज किया गया। जानकारों के अनुसार वाहनों के उत्सर्जन, स्थानीय धूल, आतिशबाजी और मौसम में हवा की धीमी गति ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
पंजाब में पराली जलाने पर CAQM की कार्रवाई
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 8 नवंबर तक पंजाब में पराली जलाने की कुल 4,459 घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें से 2,998 स्थलों पर जमीनी स्तर पर जांच की गई, जिसमें से 1,310 स्थानों पर पराली जलाए जाने की पुष्टि हुई है।
आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक नियमों के उल्लंघन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत 884 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा 1,017 खेतों के राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है तथा CAQM अधिनियम की धारा 14 के तहत 18 नोडल अधिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।