आंध्र प्रदेश तट से टकराया चक्रवात ‘अर्णब’, 5 लोगों की मौत और 13 जिलों में अचानक बाढ़ का अलर्ट

Share

- Advertisement -

Amaravati News: बंगाल की खाड़ी से उठा अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ बुधवार तड़के 125 से 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंध्र प्रदेश तट से टकराया। चक्रवात के कारण राज्य में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 हजार बिजली के खंभे और हजारों पेड़ धराशायी हो गए। छह घंटे तक चले लैंडफॉल के बाद यह कमजोर होकर भीषण चक्रवात में तब्दील हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों में मध्यम से उच्च स्तर की आकस्मिक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की चेतावनी जारी की है।

चक्रवात ने आंध्र प्रदेश और यानम (पुडुचेरी) के बीच तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाई है। एलुरु, पश्चिम गोदावरी और विजयनगरम सहित 10 से अधिक जिलों के सैकड़ों गांव जलमग्न हो गए हैं। कई क्षेत्रों में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। खराब मौसम और तेज लहरों के कारण एक मालवाहक जहाज अंतर्वेदी तट के पास बंगाल की खाड़ी में फंस गया है।

2.24 लाख हेक्टेयर फसल तबाह, कोनसीमा में भारी क्षति

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने स्थिति की समीक्षा के बाद बताया कि करंट लगने और दीवार गिरने की घटनाओं में पांच लोगों की जान गई है। मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं से 14 जिलों में 2.24 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में धान और अन्य खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं। डॉ. बीआर आंबेडकर कोनसीमा और पश्चिम गोदावरी जिलों में करीब 50 हजार पेड़ उखड़े हैं, जिनमें अकेले कोनसीमा में 33 हजार नारियल के पेड़ शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात कर चक्रवात की तीव्रता और नुकसान की जानकारी दी है तथा केंद्र से आर्थिक सहायता की मांग की है। सरकार ने प्रभावितों के लिए राशन और वित्तीय मदद की घोषणा की है। कोनसीमा और पश्चिम गोदावरी के कुछ इलाकों को छोड़कर शेष जिलों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

ओडिशा, यूपी और बिहार सहित कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, चक्रवात ‘अर्णब’ के प्रभाव से गुरुवार को भी मौसम खराब रहेगा। ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और विदर्भ में 28 व 29 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा 29 अक्टूबर को पूर्वी मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश हो सकती है। उत्तर भारत के राज्यों में भी इसका असर दिखेगा, जहां पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में 29 व 30 अक्टूबर के दौरान तेज बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News