New Delhi News: सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (HPV) वैक्सीन 14 साल की उम्र के बाद भी लगवाई जा सकती है। नारायणा हेल्थ केयर, नई दिल्ली की गाइनेकोलॉजी ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. शालू कुमारी के अनुसार, महिलाएं डॉक्टर की सलाह से 26 साल और विशेष परिस्थितियों में 45 साल की उम्र तक यह टीका लगवा सकती हैं।
सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) के लंबे समय तक रहने वाले संक्रमण के कारण होता है। यह वायरस कई वर्षों तक शरीर में बिना किसी लक्षण के मौजूद रह सकता है और धीरे-धीरे कोशिकाओं को असामान्य बनाकर कैंसर का रूप ले लेता है। आंकड़ों के अनुसार, भारत में हर साल लगभग सवा लाख महिलाएं इस बीमारी की चपेट में आती हैं, जिनमें से करीब 80 हजार महिलाओं की मृत्यु हो जाती है।
क्या 14 साल की उम्र के बाद एचपीवी वैक्सीन असरदार नहीं है?
सरकार द्वारा 9 से 14 साल की लड़कियों को मुफ्त एचपीवी वैक्सीन लगाए जाने के कारण अक्सर यह भ्रम रहता है कि 15 साल की उम्र के बाद इसका लाभ नहीं मिलता। इस पर नारायणा हेल्थ केयर, नई दिल्ली की गाइनेकोलॉजी ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. शालू कुमारी ने स्पष्ट किया कि 14 साल की उम्र के बाद भी महिलाएं यह वैक्सीन लगवा सकती हैं।
डॉ. कुमारी के मुताबिक, 14 साल की उम्र तक वैक्सीन का असर सबसे अधिक होता है और इसमें कम खुराक की आवश्यकता पड़ती है। यदि इस उम्र में सही खुराक लग जाए, तो भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव की संभावना लगभग 99 प्रतिशत तक रहती है। इसके बाद की उम्र में शरीर की जरूरत के हिसाब से अधिक खुराक (डोज) की आवश्यकता होती है। 26 साल तक की महिलाएं डॉक्टर की सलाह से यह टीका लगवा सकती हैं, जबकि 26 से 45 साल की उम्र की महिलाएं भी चिकित्सकीय परामर्श के बाद उपलब्ध अन्य टीके ले सकती हैं।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रमुख तरीके
डॉ. शालू कुमारी ने सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने के लिए निम्नलिखित सावधानियां अपनाने की सलाह दी है:
- टीकाकरण (वैक्सीन): यह सर्वाइकल कैंसर की जड़ यानी एचपीवी संक्रमण को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है। उम्र के अनुसार डॉक्टर से परामर्श लेकर इसकी निर्धारित खुराक अवश्य पूरी करनी चाहिए।
- सुरक्षित शारीरिक संबंध: यह संक्रमण मुख्य रूप से शारीरिक संबंधों के माध्यम से फैलता है। हालांकि कंडोम का इस्तेमाल सौ प्रतिशत सुरक्षा की गारंटी नहीं देता, लेकिन यह संक्रमण और कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम कर देता है।
- कम उम्र में गर्भधारण से बचाव: कुछ शोधों में यह सामने आया है कि कम उम्र में गर्भवती होने से सर्वाइकल कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए शारीरिक रूप से पूरी तरह परिपक्व होने के बाद ही परिवार नियोजन करना बेहतर होता है।
- व्यक्तिगत स्वच्छता (हाइजीन): निजी अंगों में नमी और गंदगी रहने से एचपीवी वायरस को पनपने का अनुकूल माहौल मिलता है। संक्रमण से बचने के लिए नियमित रूप से साफ-सफाई रखना और निजी अंगों को स्वच्छ व सूखा रखना बेहद जरूरी है।
नियमित स्क्रीनिंग से समय रहते हो सकती है पहचान
विशेषज्ञों के अनुसार, टीकाकरण के बाद नियमित जांच (स्क्रीनिंग) सबसे महत्वपूर्ण कदम है। इससे कैंसर विकसित होने से पहले ही कोशिकाओं में हो रहे असामान्य बदलावों का पता लगाया जा सकता है।
इसके लिए हर तीन साल में एक बार पैप स्मीयर टेस्ट (Pap Smear Test) कराने की सलाह दी जाती है। यदि जांच में कैंसर से पहले की अवस्था (प्री-कैंसर सेल्स) का पता चलता है, तो डॉक्टर समय रहते उन्हें हटाकर मरीज को गंभीर बीमारी से बचा सकते हैं। इसके अलावा वीआईए (विजुअल इंस्पेक्शन विद एसिटिक एसिड), कोल्पोस्कोपी और सेल्फ एचपीवी टेस्ट जैसी जांचों के माध्यम से भी समय रहते इस बीमारी की पहचान की जा सकती है।