Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित हनुमंत कथा के दौरान पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भावुक हो गए और मंच पर रोते हुए अपने आंसू पोंछते नजर आए। कथावाचक विजय कौशल जी महाराज की कथा सुनने पहुंचे बृजभूषण सिंह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, वहीं महाराज ने मंच से उनके विनम्र स्वभाव की सराहना की।
उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित हनुमंत कथा के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भावुक हो गए। कथावाचक विजय कौशल जी महाराज की कथा सुनने पहुंचे बृजभूषण सिंह कथा श्रवण के दौरान फूट-फूटकर रोने लगे और कपड़े से अपने आंसू पोंछते दिखाई दिए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मंच से बृजभूषण शरण सिंह ने कथा के महत्व पर रखी बात
मंच से संबोधित करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि यह गोंडावासियों का परम सौभाग्य है कि शहर में हनुमान जी की कथा हो रही है। उन्होंने व्यास गद्दी पर विराजमान विजय कौशल जी महाराज की सराहना करते हुए कहा कि वे पहले भी उनकी कथा सुन चुके हैं और शब्दों व विषय पर उनकी पकड़ तथा कथा कहने का तरीका अद्भुत है। किसी की निंदा किए बिना उन्होंने कहा कि आजकल प्रदेश में कई कथावाचक हैं, लेकिन वास्तविक कथा गायब हो चुकी है।
उन्होंने आगे कहा कि हनुमान जी कलियुग के देवता हैं और गोस्वामी तुलसीदास जी ने हनुमान चालीसा में जो लिखा है, गुरुदेव उसका विस्तार से वर्णन करेंगे। बृजभूषण सिंह ने कहा कि यदि व्यक्ति हनुमान चालीसा की एक पंक्ति भी अपने मन में उतार ले, तो जीवन सार्थक हो जाए, लेकिन लोग गहराई में नहीं जाना चाहते और केवल शोर-शराबे व ताली बजने वाली कथा चाहते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आकर विजय कौशल जी की कथा अवश्य सुनें।
कथावाचक विजय कौशल महाराज ने की बृजभूषण सिंह की तारीफ
कथावाचक विजय कौशल जी महाराज ने भी मंच से बृजभूषण शरण सिंह के स्वभाव की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति से भेंट किए बिना यह अनुमान नहीं लगाया जा सकता कि वह दूर से कैसा दिखता है और निकट से कैसा है। महाराज ने कहा, “हम लोग सुनते थे कि वे बड़े दबंग और रौब वाले हैं, लेकिन इतने विनम्र, शीलवान और मधुर भाषण देने वाले व्यक्ति यदि दबदबे वाले हैं, तो फिर शास्त्र का नियम बदलना पड़ेगा।”
विजय कौशल महाराज ने कथा के पहले दिन उपस्थित होने के लिए बृजभूषण सिंह का आभार जताया और उन्हें वृंदावन स्थित अपने आश्रम आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि आश्रम में आकर उन्हें द्वापर और त्रेता युग के आश्रमों जैसा अनुभव होगा। अंत में उन्होंने आयोजन समिति, बृजभूषण सिंह की पूरी टीम और सभी सहयोगियों को व्यास पीठ से प्रणाम और अभिवादन प्रेषित किया।