अयोध्या में 10वें दीपोत्सव का भव्य शुभारंभ, सीएम योगी और उपराष्ट्रपति ने रामलला के किए दर्शन

Share

- Advertisement -

Ayodhya News: दीपोत्सव के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे हैं। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति का स्वागत करने के बाद दोनों नेताओं ने रामलला के दर्शन किए। 30 लाख दीयों के रिकॉर्ड, भव्य शोभायात्रा और अंतरराष्ट्रीय रामलीला मंचन के बीच सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।

अयोध्या में 10वें दीपोत्सव का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय प्रवास पर रामनगरी पहुंचे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री भगवान श्रीराम के स्वागत, राजतिलक, मां सरयू की महाआरती और मुख्य दीपोत्सव समारोह में व्यक्तिगत रूप से भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने राम कथा पार्क में भगवान राम और माता जानकी की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती उतारी।

दीपोत्सव के मुख्य अतिथि देश के उपराष्ट्रपति हैं, जिनका महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।

लता मंगेशकर चौक के पास बैरिकेडिंग टूटने से मची अफरा-तफरी

दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। लता मंगेशकर चौक के निकट राम की पैड़ी के पास अत्यधिक भीड़ के दबाव के कारण सुरक्षा बैरिकेडिंग टूट गई। बैरिकेड्स हटने के बाद अनियंत्रित भीड़ सीधे राम की पैड़ी परिसर में प्रवेश कर गई, जिससे कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि मौके पर तैनात पुलिस बल ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

30 लाख दीयों से बनेगा रिकॉर्ड, 2100 ड्रोन का विशेष शो

इस बार दीपोत्सव पर 30 लाख से अधिक दीपक जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा 2500 से अधिक मातृशक्तियां मां सरयू की महाआरती कर रिकॉर्ड बनाएंगी। आधुनिक तकनीक और संस्कृति के संगम के रूप में 2100 ड्रोन के माध्यम से आसमान में प्रभु श्रीराम के जीवन प्रसंगों को प्रस्तुत किया जाएगा।

दीपोत्सव के उपलक्ष्य में साकेत महाविद्यालय से राम कथा पार्क तक करीब तीन किलोमीटर लंबी भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसे पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस शोभायात्रा में लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। वहीं राम कथा पार्क में सात राज्यों के साथ-साथ तीन विदेशी देशों (दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और लाओस) की चार टीमें रामलीला का मंचन कर रही हैं, जिसमें श्रीलंका की रामलीला में ‘रावणेश्वरा’ की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र है।

20 जोन और 53 सेक्टर में बंटी सुरक्षा व्यवस्था

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एडीजी प्रवीण कुमार ने सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। अयोध्या को 20 जोन और 53 सेक्टर में बांटकर चाक-चौबंद सुरक्षा की गई है। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस, सीआरपीएफ, पीएसी, बम निरोधक दस्ता और अग्निशमन विभाग की टीमें पूरी तरह सक्रिय हैं। साथ ही सादी वर्दी में भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। हनुमानगढ़ी में दर्शन व्यवस्था के साथ-साथ रात के लेजर शो के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से अपील की कि अयोध्या में दीपोत्सव के साथ-साथ सभी लोग अपने घरों और आंगनों में भी दीये जलाएं। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर उन्होंने लिखा कि दीपक केवल मिट्टी का पात्र नहीं बल्कि चेतना का जागरण है, जो यह संदेश देता है कि अंधकार से लड़ने के बजाय एक ज्योति जलाना ही पर्याप्त है।

Read more

Related News