भारतीय विमानन इतिहास का अहम हिस्सा ‘एवरो HS-748’, कानपुर से शुरू हुआ सफर 65 साल पूरा

Share

- Advertisement -

Kanpur News: भारतीय विमानन इतिहास के प्रमुख विमान एवरो HS-748 ने 1 नवंबर 2026 को अपने सफर के 65 साल पूरे कर लिए हैं। साल 1961 में कानपुर से पहली उड़ान भरने वाला यह विमान अब तक करीब 10 लाख घंटे उड़ान भर चुका है। इसका पहला विमान आज भी HAL के पास मौजूद है।

भारतीय विमानन के इतिहास में एवरो HS-748 विमान का विशेष स्थान रहा है। कानपुर से अपनी पहली उड़ान भरने वाले इस विमान ने 1 नवंबर 2026 को अपने सफर के 65 वर्ष पूरे कर लिए। साल 1961 में भारतीय वायुसेना के एयरक्राफ्ट मैन्युफैक्चरिंग डिपो से पहली बार उड़ान भरने के बाद से यह विमान अब तक लगभग 10 लाख घंटे आसमान में बिता चुका है।

कानपुर से शुरू हुआ था निर्माण का सफर

IDRW की रिपोर्ट के अनुसार, एवरो HS-748 की कहानी केवल इसकी उड़ानों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत में विमान निर्माण के शुरुआती प्रयासों का भी महत्वपूर्ण अध्याय है। इस विमान को ब्रिटेन की एक कंपनी के साथ हुए लाइसेंस समझौते के तहत कानपुर में असेंबल किया गया था।

खास बात यह रही कि इसके शुरुआती निर्माण का कार्य किसी निजी कंपनी के बजाय भारतीय वायुसेना की अपनी निर्माण इकाई में किया गया। शुरुआती चार विमानों को ब्रिटेन से मंगाए गए पुर्जों और बड़े हिस्सों की सहायता से तैयार किया गया था। इसके बाद निर्माण की जिम्मेदारी एयरोनॉटिक्स इंडिया लिमिटेड को सौंपी गई और आगे चलकर हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने इसका निर्माण कार्य जारी रखा।

सैन्य और नागरिक दोनों क्षेत्रों में निभाई अहम भूमिका

एवरो HS-748 ने देश की सैन्य और नागरिक विमानन जरूरतों को लंबे समय तक पूरा किया है। भारतीय वायुसेना के साथ-साथ नागरिक विमानन क्षेत्र में भी इसने महत्वपूर्ण योगदान दिया। परिवहन सेवाओं से लेकर पायलटों के प्रशिक्षण तक विभिन्न भूमिकाओं में इसका उपयोग किया गया। इस ऐतिहासिक विमान का पहला मॉडल आज भी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के पास सुरक्षित मौजूद है।

Read more

Related News