Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में करीब दो साल तक चले विशेष अभियान के बावजूद ई-केवाईसी (e-KYC) नहीं कराने वाले 1.83 लाख लाभार्थियों का सरकारी राशन रोक दिया गया है। जिला पूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन लाभार्थियों को प्रक्रिया पूरी करने के लिए फिलहाल एक अंतिम मौका दिया गया है। हालांकि, राशन रोके जाने के बाद से अब तक इनमें से एक भी लाभार्थी ने ई-केवाईसी नहीं कराई है।
विभाग के अनुसार, इन सभी लाभार्थियों के नाम अभी राशन कार्ड की सूची से काटे नहीं गए हैं, बल्कि उन्हें अस्थायी रूप से ‘होल्ड’ पर रखा गया है। इसका अर्थ है कि कार्ड में उनका नाम दर्ज रहेगा, लेकिन ई-केवाईसी पूरी होने तक उन्हें सरकारी राशन का वितरण नहीं किया जाएगा।
राशन कार्ड सूची से कट सकता है नाम
जिले में लंबे समय से राशन कार्ड धारकों के सत्यापन के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य का भौतिक एवं डिजिटल सत्यापन करना है, ताकि अपात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें बाहर किया जा सके और केवल पात्र परिवारों तक ही सरकारी खाद्यान्न का लाभ पहुंचे।
इसके लिए लाभार्थियों को अपने नजदीकी सरकारी राशन की दुकानों पर लगी ई-पॉस (e-PoS) मशीन के माध्यम से निःशुल्क ई-केवाईसी कराने की सुविधा दी गई थी। दो साल तक लगातार जागरूकता और अभियान चलने के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि इस अंतिम अवसर के बाद भी संबंधित लाभार्थी अपना सत्यापन नहीं कराते हैं, तो उनके नाम स्थायी रूप से राशन कार्ड की सूची से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।