Shimla News: हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड के कर्मचारियों, इंजीनियरों और पेंशनरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को शिमला में बड़ा प्रदर्शन किया। राजधानी में भारी संख्या में एकत्र होकर कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। इस आंदोलन को ज्वाइंट एक्शन कमेटी एचपीएसईबीएल का भी पूरा समर्थन मिला।
प्रदर्शन की शुरुआत सुबह 11 बजे हुई, जब कर्मचारियों की यूनियन ने कुमार हाउस से आंबेडकर चौक तक विशाल रैली निकाली। इसके बाद आंबेडकर चौक पर विशाल प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कर्मचारियों और पेंशनरों ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में बिजली बोर्ड में ओपीएस लागू करना, खाली पदों पर नियमित भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू करना और मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को समय पर लागू करना शामिल है। कर्मियों का कहना है कि सरकार को जल्द से जल्द इन मांगों पर सकारात्मक फैसला लेना चाहिए।
इससे पहले चौड़ा मैदान में पेंशनरों ने भी जोरदार प्रदर्शन किया था। वहां हजारों की संख्या में पहुंचे पेंशनरों ने डीए और अपनी अन्य बकायों के भुगतान की मांग को लेकर सरकार के सामने हुंकार भरी थी। अब बिजली बोर्ड कर्मचारी और पेंशनर अपनी मांगों के समाधान तक संघर्ष जारी रखने पर अड़े हैं।