Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भारी बारिश के बाद प्रशासन मुस्तैदी से राहत कार्यों में जुटा है। जिले में बंद पड़ी 43 सड़कों में से 11 को खोल दिया गया है, जबकि सराज में 22 समेत 32 सड़कें अब भी अवरुद्ध हैं। बिजली विभाग ने 84 ट्रांसफार्मर ठीक कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी है।
मंडी जिला आपात संचालन केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार सुबह तक जिले में कुल 43 सड़कें बंद थीं। इनमें सराज में 23, थालौट में 9, सरकाघाट में 3, गोहर, मंडी-2 और धर्मपुर में 2-2 तथा सुंदरनगर व करसोग में 1-1 सड़क बाधित थी। इनमें 2 मुख्य जिला सड़कें (एमडीआर) और 41 ग्रामीण रास्ते शामिल थे।
राहत टीम के लगातार प्रयासों से सोमवार शाम तक बंद सड़कों की संख्या घटकर 32 रह गई। इस समय सराज में 22, थालौट में 5, सरकाघाट में 3, सुंदरनगर और धर्मपुर में 1-1 सड़क बंद है। अब केवल 1 एमडीआर और 31 ग्रामीण सड़कें बाधित हैं। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर आवाजाही पूरी तरह सामान्य रही।
सोमवार सुबह तक जिले में 89 बिजली ट्रांसफार्मर खराब पड़े थे। इनमें गोहर क्षेत्र में 59 और मंडी क्षेत्र में 30 ट्रांसफार्मर ठप होने से बड़े ग्रामीण इलाके में अंधेरा छाया रहा। बिजली विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शाम तक 84 ट्रांसफार्मर दुरुस्त कर दिए। अब केवल गोहर में 5 ट्रांसफार्मर बंद हैं।
स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग मिलकर सभी प्रभावित मार्गों को सुचारू करने का काम कर रहे हैं। मंडी डीईओसी की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों की प्राथमिकता राहत और मरम्मत कार्यों को तेजी से पूरा करना है। सड़कों और बिजली आपूर्ति में हो रहे सुधार से आम जनता को बड़ी राहत मिल रही है।
मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया, “जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में बंद पड़ी सड़कों को युद्ध स्तर पर खोला जा रहा है। जिला में लगातार हो रही बारिश के बीच बंद सड़कों को खोलने में लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी जुटे हुए हैं। बिजली और पानी की दिक्कत फिलहाल किसी क्षेत्र में नहीं है।”