Khammam News: तेलंगाना के खम्मम जिले में एक पालतू कुत्ते की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप सेना के एक रिटायर्ड जवान पर लगा है, जिसने गुस्से में एयरगन से फायर कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना मुदिगोंडा मंडल के मुथाराम गांव की है। कुत्ते के मालिक रामू ने बताया कि उसका पालतू कुत्ता अक्सर पड़ोसी राउथु जनैया के घर की तरफ चला जाता था। इस बात से नाराज होकर पूर्व फौजी जनैया ने उस पर एयरगन से हमला कर दिया, जिससे बेजुबान की मौके पर ही मौत हो गई।
गुस्से में आकर बेजुबान जानवर पर दागी गोली
शिकायतकर्ता रामू का आरोप है कि जनैया ने जानबूझकर उनके पालतू कुत्ते को निशाना बनाया और गोली मार दी। कुत्ते की मौत के बाद पीड़ित परिवार बेहद सदमे में है। घटना की सूचना मिलते ही मुदिगोंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन करते हुए आरोपी जनैया के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
