Hyderabad News: तेलंगाना से कानून व्यवस्था और धोखाधड़ी का बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हत्या के जुर्म में उम्रकैद की सजा पाने वाला एक मुजरिम पैरोल तोड़कर फरार हो गया। इसके बाद उसने अपनी पहचान छिपाकर सरकारी शिक्षक की नौकरी हासिल की और राष्ट्रपति पुरस्कार स्तर का सम्मान भी पाया।
चार दशक तक पहचान छिपाकर ली सरकारी नौकरी
संडेला वीरन्ना को 1983 में हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। सजा शुरू होने के महज छह महीने बाद वह पैरोल पर बाहर आया और फरार हो गया। महबूबाबाद जिले में रहते हुए उसने सरकारी स्कूल में शिक्षक की नौकरी हासिल की, 2004 में बेस्ट टीचर अवॉर्ड जीता और 2013 में रिटायर हुआ।
तेलंगाना हाईकोर्ट ने जताई सख्त नाराजगी
स्पेशल टास्क फोर्स ने मई 2024 में वीरन्ना को गिरफ्तार कर चेर्लापल्ली सेंट्रल जेल भेज दिया था। उसकी पत्नी ने खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर हाईकोर्ट में दोबारा पैरोल की याचिका दाखिल की। न्यायमूर्ति टी. माधवी देवी ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि आपराधिक इतिहास छिपाकर सरकारी सेवा करना गंभीर धोखाधड़ी है।