मुंबई में 1 सितंबर से ऑटो और टैक्सी का सफर होगा महंगा, परिवहन प्राधिकरण ने दी किराया बढ़ोतरी को मंजूरी

Share

- Advertisement -

Mumbai News: मुंबई महानगर क्षेत्र में सीएनजी चालित काली-पीली टैक्सी और ऑटो-रिक्शा से सफर करना 1 सितंबर से महंगा होने जा रहा है। परिवहन प्राधिकरण ने बुधवार को किराया संशोधन का औपचारिक आदेश जारी कर दिया। प्राधिकरण ने टैक्सी के मूल किराए में 2 रुपये और ऑटो के किराए में 1 रुपये की वृद्धि की है।

नए संशोधन के अनुसार, टैक्सी का शुरुआती 1.5 किलोमीटर का न्यूनतम किराया 31 रुपये से बढ़कर 33 रुपये हो जाएगा। वहीं, ऑटो-रिक्शा का न्यूनतम किराया 26 रुपये से बढ़कर 27 रुपये तय किया गया है। खटुआ समिति की सिफारिशों के आधार पर एमएमआरटीए की बैठक में यह फैसला लिया गया।

प्रति किलोमीटर दर में भी हुआ बदलाव

न्यूनतम किराए के बाद टैक्सी का प्रति किलोमीटर किराया 20.66 रुपये से बढ़कर 21.90 रुपये हो जाएगा। इसी तरह ऑटो-रिक्शा का रनिंग किराया 17.14 रुपये से बढ़ाकर 18.22 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। करीब 18 महीने बाद मुंबई में सार्वजनिक परिवहन की इन सेवाओं के किराए में संशोधन हुआ है।

आरटीओ अधिकारी के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक मीटर को नई दरों के अनुसार री-कैलिब्रेट कराने के बाद ही चालक नया किराया वसूल सकेंगे। इसके लिए 1 सितंबर से नवंबर के अंत तक का समय दिया गया है। तय समय सीमा में मीटर कैलिब्रेशन न कराने वाले चालकों पर कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News