Patna News: नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण गंडक नदी का जलप्रवाह तेजी से बढ़ गया है। नदी में अचानक तीन मीटर तक जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए बिहार सरकार ने राज्यभर में हाई अलर्ट जारी किया है। तटवर्ती जिलों में बाढ़ के खतरे से निपटने की तैयारी शुरू हो चुकी है।
नेपाल के जलग्रहण इलाकों में भारी खतरे की चेतावनी जारी
गंडक जलग्रहण क्षेत्र के तहत नेपाल के रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, गोरखा, लमजुंग और तनहूं जिलों को अत्यधिक जोखिम वाले क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया है। इसके साथ ही कोसी बेसिन के दोलखा और सिंधुपालचोक में भी भारी खतरे का अनुमान है। कोसी, बागमती और गंडक के अन्य इलाकों में भी मध्यम स्तर का अलर्ट है।
मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक, सभी जिलों को निर्देश
बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने और राहत सामग्री तैयार रखने के कड़े निर्देश दिए।