Kinnaur News: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। सांगला-छितकुल मार्ग पर बटसेरी के पास एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर करीब 125 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान शिमला जिले के धनयोटी गांव निवासी 34 वर्षीय कमल मेहता के रूप में हुई है। कमल अपने एक साथी के साथ कार (HP 06B 4640) में सवार होकर रक्छम से सांगला की ओर लौट रहे थे। बारकी के पास मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे गहरी खाई में समा गई।
हादसे में कार के उड़े परखच्चे, एक घायल
हादसा इतना जबर्दस्त था कि खाई में गिरते ही वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में चालक कमल मेहता ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल हुए दूसरे व्यक्ति की पहचान शिमला के बखौल गांव निवासी मुनीश चौहान (28) के रूप में हुई है, जिसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान चलाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की गहन जांच की जा रही है।