Lucknow News: उत्तर प्रदेश में बीते दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मुजफ्फरनगर में भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं शाहजहांपुर में मकान ढहने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है ।
पीलीभीत समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने 21 जुलाई को स्कूलों में अवकाश घोषित किया था। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी और बिजली चमकने के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है ।
12 जिलों में रेड और 31 में ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर, संभल, बदायूं, कासगंज और एटा समेत 12 जिलों में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 31 जिलों में बहुत भारी और 25 जिलों में भारी बारिश की संभावना है ।
बीते 24 घंटों में बरेली के बहेड़ी में 174 मिमी और खीरी के मुहम्मदी में 160 मिमी रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा और लोगों को उमस से राहत मिलेगी ।