Mumbai News: बॉलीवुड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ‘7 आवर्स टू गो’ और ‘घोस्ट’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं एक्ट्रेस अनन्या राज का महज 27 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके परिवार ने सोशल मीडिया पर इस बात की पुष्टि की है कि 15 जुलाई की सुबह सोते समय उनका निधन हुआ।
बॉलीवुड से लेकर रीजनल फिल्मों तक बनाई पहचान
मुंबई में पली-बढ़ीं अनन्या राज ने हिंदी और रीजनल सिनेमा में अपनी खास पहचान बनाई थी। उन्होंने साल 2016 में फिल्म ‘7 आवर्स टू गो’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद वह 2017 में ‘द फाइनल एग्जिट’ और 2019 में विक्रम भट्ट की फिल्म ‘घोस्ट’ में महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आईं।
अनन्या ने तेलुगु सिनेमा में भी अपनी एक्टिंग का हुनर दिखाया। उन्होंने साल 2022 की थ्रिलर फिल्म ‘थग्गेदे ले’ में नवीन चंद्रा के साथ काम किया। इसके अलावा वह बहुभाषी फिल्म ‘मद्रासी गैंग’ में सरिता के किरदार में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने एक गैंगस्टर की प्रेमिका की भूमिका निभाई थी।
म्यूजिक वीडियोज में किया काम, बीमारी से लड़ रही थीं जंग
फिल्मों के अलावा अनन्या राज टी-सीरीज, जी म्यूजिक और टाइम्स म्यूजिक जैसे बड़े म्यूजिक लेबल्स के वीडियोज में भी दिखी थीं। परिवार ने निधन के एक महीने बाद यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अनन्या एक साल से ज्यादा समय से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं।
परिवार ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि अनन्या ने एक योद्धा की तरह परेशानियों का मुकाबला किया। वे एक मजबूत इरादों वाली इंसान थीं। मुश्किल समय में परिवार ने प्राइवेसी बनाए रखने और एक्ट्रेस की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की है। उनके निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर है।