Kinnaur News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। रूपी कंडे के दुर्गम इलाके में बुधवार देर रात आसमानी बिजली गिरने से 200 से अधिक भेड़-बकरियों की मौत हो गई। इस हादसे में पशुपालकों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि इंसान सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार यह हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे हुआ। उस समय रूपी कंडे के चरागाह में भेड़-बकरियों का झुंड बैठा हुआ था। अचानक बिजली गिरने से 200 से ज्यादा मवेशियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के समय पशुपालक शेड के अंदर सो रहे थे, जिससे उनकी जान बच गई।
अंधेरे और नेटवर्क न होने से हुई परेशानी
रूपी कंडे एक बेहद दुर्गम इलाका है, जहां मोबाइल नेटवर्क की भारी समस्या रहती है। हादसे के बाद पशुपालक गुमान सिंह को परिजनों से संपर्क करने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। पंचायत प्रधान मगला खोजान ने बताया कि घने अंधेरे के कारण शुरुआत में 150 शव ही गिने जा सके थे।
प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। भावानगर की एसडीएम नेहा नेगी ने बताया कि नुकसान का जायजा लेने के लिए प्रशासनिक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। टीम के लौटने के बाद ही सही आंकड़े सामने आएंगे और प्रभावित पशुपालकों को मुआवजा दिया जाएगा।