Parenting Tips: हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा बड़ा होकर एक जिम्मेदार नागरिक बने। हालांकि, जिम्मेदारी की भावना बिना आजादी के विकसित नहीं हो सकती। यदि आप अपने बच्चे को घर और समाज के प्रति सजग बनाना चाहते हैं, तो बचपन से ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए कुछ जरूरी आदतें सिखाएं।
स्कूल के लिए खुद तैयार होने की आदत डालें
बच्चों को सुबह समय पर उठने और स्कूल के लिए खुद तैयार होने के लिए प्रेरित करें। बचपन से ही यूनिफॉर्म पहनने और टाइमटेबल के अनुसार बैग लगाने की आदत उन्हें किसी पर निर्भर रहने के बजाय स्वतंत्र बनाएगी। जितनी कम उम्र में यह शुरुआत होगी, बच्चा उतना ही जिम्मेदार बनेगा।
कमरे की सफाई की जिम्मेदारी बच्चों को सौंपें
सुबह उठकर बच्चों को अपना बिस्तर खुद ठीक करने दें। कमरे में बिखरे खिलौनों को संभालकर बास्केट में रखना, किताबों को सही जगह पर जमाना और स्टडी टेबल साफ रखना जैसे छोटे-छोटे काम उन्हीं से करवाएं। इससे उनमें स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना विकसित होगी।
स्कूल प्रोजेक्ट्स और एक्टिविटी में खुद करने दें काम
अक्सर देखा जाता है कि स्कूल के प्रोजेक्ट और होमवर्क के लिए बच्चे पूरी तरह माता-पिता पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में अभिभावकों को केवल दूर से उनका मार्गदर्शन करना चाहिए और काम खुद करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। यह आदत बच्चों को भविष्य में आत्मनिर्भर और मेहनती बनाने में मदद करेगी।
किचन के छोटे-छोटे कामों में शामिल करें
बिना किसी भेदभाव के लड़के और लड़की दोनों को किचन के छोटे कामों से जोड़ें। रात के खाने में टेबल पर पानी रखना, खाना परोसना और खाने के बाद अपनी प्लेट खुद सिंक में रखने जैसी आदतें बच्चों को जिम्मेदार बनाती हैं। इससे उनमें एक-दूसरे की मदद करने का भाव पैदा होता है।
समस्याएं सुलझाने दें और उनकी राय को महत्व दें
जब भी बच्चे किसी मुश्किल सवाल, पजल या गलती में उलझ जाएं, तो उन्हें तुरंत समाधान न दें। उन्हें खुद सोचने और समस्या सुलझाने का पूरा समय दें। इसके अलावा, घर के फैसलों में बच्चों की राय सुनना उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है और उन्हें मानसिक रूप से आजाद बनाता है।