Jhansi News: झांसी-कानपुर हाईवे पर बीते 6 अगस्त को हुए भीषण सड़क हादसे का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है। इस हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की दर्दनाक मौत हो गई थी।
हादसे के करीब छह दिन बाद सामने आए डैशकैम फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से टकराती है। टक्कर के बाद कार हवा में कई फीट ऊपर उछलते हुए सड़क पर पलट जाती है।
पीछे चल रहे वाहन के डैशकैम में कैद हुआ पूरा हादसा
वायरल वीडियो आबान की कार के ठीक पीछे चल रहे एक अन्य वाहन के डैशबोर्ड कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। वीडियो में दिखता है कि हाईवे पर रफ्तार से जा रही कार अचानक सड़क से नीचे उतरती है और सामने से शुरू हो रहे डिवाइडर से टकरा जाती है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह हवा में हिचकोले खाते हुए सड़क पर पलट गई। यह पूरी घटना महज कुछ ही सेकंड में घटी, जिससे कार में सवार लोगों को संभलने का एक मौका तक नहीं मिला।
झांसी जेल में बंद बड़े भाई से मिलने जा रहा था आबान
बताया जा रहा है कि 6 अगस्त को आबान अहमद प्रयागराज से झांसी की ओर जा रहा था। झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात के लिए वह निकला था। पूंछ थाना क्षेत्र के पास पहुंचते ही यह भयानक हादसा हो गया।
हादसे के वक्त कार में कुल पांच लोग सवार थे। इनमें से आबान और उसके दोस्त सोनू ने दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच प्रयागराज में हुआ अंतिम संस्कार
छोटे भाई की मौत के बाद लखनऊ जेल में बंद उमर और झांसी जेल में बंद अली ने हाईकोर्ट से अंतिम संस्कार में शामिल होने की इजाजत मांगी थी। कोर्ट से सशर्त पैरोल मिलने के बाद दोनों भाइयों को कड़ी पुलिस सुरक्षा में प्रयागराज लाया गया था।
आबान को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में पिता अतीक अहमद की कब्र के पास दफनाया गया। जनाजे के दौरान दोनों बड़े भाई अपने छोटे भाई के शव को देखकर रो पड़े। पुलिस नए वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।