Delhi News: भारत में मानसून की सक्रियता का एक और दौर देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। मानसूनी बारिश के कारण मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है।
उत्तर प्रदेश में उफान पर नदियां और अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश के पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश के कारण गंगा और यमुना समेत 10 प्रमुख नदियां उफान पर हैं। फर्रुखाबाद और बिजनौर में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। यहां 40 से ज्यादा गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भारी बारिश का दौर
मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश से रास्ते बंद हो गए हैं। राजधानी भोपाल में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। इसके साथ ही राजस्थान के कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इन राज्यों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका जताई है।
दिल्ली एनसीआर और पहाड़ी राज्यों में मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में 11 और 13 अगस्त को मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में पूरा हफ्ता बारिश वाला रहेगा। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में अचानक जलभराव और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।