New Delhi News: क्या किसी छात्र को इंटर्नशिप के दौरान हर महीने 40 लाख रुपये का पैकेज मिल सकता है? रेडिट पर वायरल हुई एक पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर यह सवाल तेजी से चर्चा का विषय बन गया है। टियर-1 कॉलेज के एक छात्र ने दावा किया है कि उसे एक हाई-फ्रिक्वेंसी ट्रेडिंग (HFT) कंपनी से यह ऑफर मिला है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, यूजर्स ने उठाए दावे की सत्यता पर सवाल
कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहे छात्र के इस दावे ने सभी को चौंका दिया है। कई लोगों का मानना है कि इतनी बड़ी रकम आमतौर पर अनुभवी प्रोफेशनल्स का सालाना पैकेज होती है। शुरुआत में यूजर्स को लगा कि यह 40 लाख रुपये का सालाना पैकेज है, लेकिन पोस्ट में इसे मंथली सीटीसी बताए जाने के बाद लोग हैरान रह गए।
दावे पर सवाल उठने के साथ ही कुछ लोगों का कहना है कि HFT इंडस्ट्री में असाधारण प्रतिभाशाली छात्रों को ऐसा आकर्षक पैकेज मिलना असंभव भी नहीं है। हालांकि इस खास दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पोस्ट में छात्र ने अपनी इस बड़ी सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता के त्याग और मार्गदर्शन को दिया है।
HFT कंपनियां क्यों देती हैं इतने भारी-भरकम सैलरी पैकेज?
हाई-फ्रिक्वेंसी ट्रेडिंग कंपनियां वित्तीय बाजारों में बेहद तेज गति से डेटा आधारित फैसलों के लिए अत्याधुनिक एल्गोरिदम और गणित का इस्तेमाल करती हैं। इस सेक्टर में काम करने के लिए अत्यधिक तकनीकी और विश्लेषणात्मक क्षमता की जरूरत होती है। ये कंपनियां सिर्फ चुनिंदा टॉप इंजीनियरिंग संस्थानों से ही भर्ती करती हैं और बेहद कड़ा कंपटीशन होता है।
एचएफटी कंपनियां डेटा स्ट्रक्चर, कंपटेटिव प्रोग्रामिंग, मैथमेटिकल रीजनिंग और प्रॉब्लम सॉल्विंग में माहिर छात्रों को ही प्राथमिकता देती हैं। सिर्फ अच्छी डिग्री होना काफी नहीं है, बल्कि दबाव में जटिल समस्याओं को सुलझाने की क्षमता सबसे ज्यादा मायने रखती है। छात्रों के लिए इस वायरल खबर का सबसे बड़ा संदेश कड़ी मेहनत और लगातार स्किल डेवलपमेंट ही है।