Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में 11वीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा के साथ बार-बार दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला कुमारसैन थाना क्षेत्र का है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और कानूनी जांच शुरू कर दी है।
पिता द्वारा दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, पीड़ित छात्रा ने पूरी सच्चाई अपनी मां को बताई। छात्रा ने आरोप लगाया कि कुमारसैन तहसील के रहने वाले आशीष नाम के शख्स ने उसका यौन उत्पीड़न किया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी पहले भी उसके साथ कई बार इस तरह की घिनौनी वारदात को अंजाम दे चुका है।
मामले का खुलासा होने पर परिजनों ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। पिता की शिकायत पर कुमारसैन पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।