Shimla News: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस संगठन के पुनर्गठन और विस्तार की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सोमवार को नई दिल्ली में संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक के बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में होने वाली इस उच्च स्तरीय बैठक में नई नियुक्तियों की सूची पर अंतिम मुहर लगेगी। इससे पहले रविवार को रजनी पाटिल के दिल्ली पहुंचते ही विनय कुमार ने उनसे लंबी चर्चा की थी। माना जा रहा है कि सोमवार शाम तक नए पदाधिकारियों के नामों का आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव स्तर के पदों पर 40 से 50 नए चेहरों को जगह मिलेगी। प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार शनिवार को ही तैयार सूची लेकर दिल्ली रवाना हो गए थे। हालांकि पूर्व में भी इस सूची पर चर्चा हुई थी, लेकिन तब सहमति नहीं बन पाई थी।
दिल्ली पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि संगठन को मजबूती देने के लिए नई नियुक्तियां बेहद जरूरी हैं। जो नेता पहले पद पाने से वंचित रह गए थे, उन्हें अब समायोजित किया जाएगा। पार्टी धरातल पर काम करने वाले निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्ताओं को तरजीह देकर हर स्तर पर मजबूती प्रदान करेगी।
“कांग्रेस उन निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देगी जो धरातल पर पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को हर स्तर पर मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है।” – विनय कुमार, अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस।