Mumbai News: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों के लिए फिटनेस के नए और कड़े मानक तय कर दिए हैं। हाल ही में इंग्लैंड और आयरलैंड दौरों पर खिलाड़ियों की खराब फिटनेस खुलकर उजागर हुई थी, जिससे मैदान पर कई कैच छूटे थे। अब खिलाड़ियों के लिए टेस्ट पास करना मुश्किल होगा।
भारतीय खिलाड़ियों को अपनी फिटनेस साबित करने के लिए दो चरणों में टेस्ट पास करना जरूरी होगा। इसमें ब्रॉन्को टेस्ट के साथ-साथ 2 किलोमीटर की दौड़ भी शामिल है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बोर्ड सदस्य फिजियो कमलेश जैन के कामकाज से खुश नहीं थे, क्योंकि खिलाड़ी बार-बार चोटिल हो रहे थे।
बीसीसीआई ने सभी खिलाड़ियों के लिए 2 किलोमीटर की दौड़ अनिवार्य कर दी है। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने इसके लिए 9 से 10 मिनट की समय सीमा तय की है। अब खिलाड़ियों को 10 मिनट के भीतर यह दौड़ पूरी करनी होगी। इसी बीच चयन समिति के प्रमुख अजीत अगरकर की नीतियों पर भी सवाल उठे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) के स्टाफ ने पहले नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा को पूरी तरह फिट न होने पर भी क्लीयरेंस दे दिया था। हर्षित राणा का वजन 97 किलो तक पहुंच गया था, लेकिन अब बोर्ड ने साफ कर दिया है कि उनका वजन 96 किलो से कम होना चाहिए।