विपक्ष संसद नहीं चलने दे रहा, बीजेपी का राहुल गांधी और खरगे पर हमला, किरेन रिजिजू बोले- पूरे समय मौजूद रहते हैं अमित शाह

Share

- Advertisement -

Delhi News: भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर संसद की कार्यवाही में बाधा डालने का आरोप लगाया है। बीजेपी ने कहा कि विपक्ष यह गलत अफवाह फैला रहा है कि गृह मंत्री अमित शाह संसद में नहीं आ रहे हैं।

अमित शाह पूरे दिन संसद भवन में रहते हैं मौजूद

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पूरे दिन संसद में मौजूद रहते हैं। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि जब विपक्ष लगातार हंगामा कर संसद ठप रखेगा, तो गृह मंत्री सदन की चर्चा में कैसे शामिल हो सकते हैं।

दरअसल, विपक्ष अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और दिल्ली में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर गृह मंत्री के बयान की मांग कर रहा है। इसी मांग को लेकर दोनों सदनों में गतिरोध बना हुआ है। रिजिजू ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार बहस से नहीं भाग रही, बल्कि विपक्ष खुद भाग रहा है।

हंगामे के बावजूद पारित किए जा रहे हैं जरूरी विधेयक

किरेन रिजिजू ने बताया कि विपक्षी सदस्यों के हंगामे और वॉकआउट के बावजूद सरकार विधायी कामकाज निपटा रही है। राज्यसभा में चर्चा के बाद कई विधेयक पारित कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के इस रवैये से देश का नुकसान हो रहा है और नए सांसदों को बोलने का मौका नहीं मिल पा रहा है।

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि गतिरोध खत्म करने के लिए उन्होंने राहुल गांधी से बातचीत की है। सरकार ने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर विपक्ष से समर्थन मांगा है। हालांकि राहुल गांधी ने इस विषय पर पहले सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग दोहराई है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News