Kangra News: हिमाचल प्रदेश के देहरा पुलिस जिले ने नकदी और गहनों के एक बड़े गबन मामले का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने शिकायतकर्ता के ससुराल वालों की साजिश का पर्दाफाश करते हुए अब तक 2 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति बरामद कर ली है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
देहरा के एसपी संदीप धवल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 29 जून 2026 को रक्कड़ थाने में एफआईआर (संख्या 36/2026) दर्ज हुई थी। मोवा गांव के रहने वाले पीड़ित अविनाश ने शिकायत में बताया था कि वह 2013 से 2025 तक दुबई में सेल्स एग्जीक्यूटिव का काम करता था।
पीड़ित अविनाश ने अपनी मेहनत की कमाई से सोना, हीरे के गहने खरीदे थे और बैंक से करीब ढाई करोड़ रुपए नकदी निकालकर सुरक्षित रखने के लिए ससुराल वालों को दिए थे। लेकिन 10 मार्च 2026 को ससुराल वालों ने बिना बताए सारा सामान, पासपोर्ट, डॉलर और जमीन के कागज कहीं और शिफ्ट कर दिए।
ससुराल वालों की झूठी कहानी का हुआ भंडाफोड़
जब अविनाश ने अपनी संपत्ति के बारे में पूछा तो ससुराल वालों ने अनजान लोगों द्वारा चोरी किए जाने का झूठा नाटक रचा। यही नहीं, जांच भटकाने के लिए गुजरात पुलिस की रेड की फर्जी कहानी भी बनाई गई। देहरा पुलिस ने जब संबंधित एजेंसियों से इसकी पुष्टि की, तो यह पूरा दावा पूरी तरह से मनगढ़ंत निकला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी आरपी जसवाल और एसडीपीओ ज्वालामुखी के नेतृत्व में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) गठित की गई। एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, टेक्निकल एविडेंस और अपने ह्यूमन सोर्स के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, जिससे ससुराल पक्ष के झूठे बयानों का सच सामने आ गया।
पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार
साजिश की परतें खुलने के बाद पुलिस ने ससुराल पक्ष से जुड़े 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें चंडीगढ़ के डेराबस्सी से जुड़े 2 आरोपी भी शामिल हैं। वहीं 2 अन्य आरोपी अभी अंतरिम जमानत पर हैं, जिनसे लगातार पूछताछ चल रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर भारी रिकवरी की गई है।
पुलिस ने अब तक 90 लाख रुपए कैश, 1 किलो 324 ग्राम सोने के जेवर, हीरे-चांदी के गहने, 801 अमेरिकी डॉलर, खाली बैग, जमीन के दस्तावेज और पासपोर्ट बरामद किए हैं। एसपी संदीप धवल के मुताबिक मामले में करीब 50 से 60 फीसदी रिकवरी पूरी हो चुकी है और बाकी संपत्ति भी जल्द मिल जाएगी।
आयकर रिटर्न और कमाई के स्रोतों की जांच जारी
पुलिस अब इस मामले के दूसरे कानूनी पहलू की भी बारीकी से जांच कर रही है। शिकायतकर्ता द्वारा बताई गई इतनी बड़ी रकम और गहनों के सोर्स, उसके इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) और खरीद बिलों की पड़ताल की जा रही है, ताकि इस पूरे मामले की मुकम्मल सच्चाई सामने लाई जा सके।