Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार आगामी 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य शिक्षक पुरस्कार वितरण करेगी। इस वर्ष चयन प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अब केवल शिक्षक स्वयं आवेदन ही नहीं करेंगे, बल्कि डिप्टी कमिश्नर, एसडीएम, शिक्षा उपनिदेशक, एसएमसी और स्कूल प्रबंधन भी उत्कृष्ट शिक्षकों के नाम की सिफारिश कर सकेंगे।
31 शिक्षकों को मिलेगा राज्य पुरस्कार, 8 अगस्त आवेदन की अंतिम तिथि
शिक्षा विभाग ने राज्य शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए 8 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। इस बार कुल 31 शिक्षकों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। इनमें 25 नियमित पुरस्कार शामिल हैं, जिनमें 16 सामान्य इलाकों और 9 जनजातीय या कठिन क्षेत्रों के शिक्षकों के लिए तय हैं। इसके अतिरिक्त 6 शिक्षकों को विशेष श्रेणी में पुरस्कार दिए जाएंगे।
पुराने नियम बदले, नवाचार और छात्र विकास को दी जाएगी प्राथमिकता
विभाग ने चयन प्रक्रिया में लंबे सेवा काल और पारंपरिक उपलब्धियों के स्थान पर वास्तविक योगदान को प्राथमिकता दी है। जिन प्रयासों से विद्यार्थियों की पढ़ाई, उनके व्यक्तित्व और समग्र विकास में सुधार आया हो, वही चयन का मुख्य आधार बनेंगे। इसके अतिरिक्त कठिन या जनजातीय इलाकों में नौकरी के लिए मिलने वाले अतिरिक्त अंकों की व्यवस्था को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है।
विशेष श्रेणी में एसएमसी और आउटसोर्स शिक्षकों को भी मौका
विशेष श्रेणी पुरस्कारों में पात्रता के नियमों को उदार बनाते हुए एसएमसी, आउटसोर्स और वोकेशनल शिक्षकों को भी आवेदन की अनुमति दी गई है। हालांकि, सभी के लिए कम से कम 5 वर्ष का शैक्षणिक अनुभव होना आवश्यक है। जिला स्तर पर होने वाली जांच को खत्म कर अब सीधे निदेशालय स्तर पर गठित समिति आवेदनों का सत्यापन करेगी।
चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए पहली बार विद्यार्थियों से ऑनलाइन फीडबैक भी लिया जाएगा। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सभी पात्र शिक्षकों, विशेषकर महिला शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की है। पिछले वर्षों के दौरान महिला शिक्षकों की ओर से आवेदन की दर अपेक्षा से कम दर्ज की गई थी।