Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। चुराह उपमंडल के तरैला क्षेत्र में पहाड़ी रास्ते पर एक टाटा सूमो गाड़ी के अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को पहाड़ी की ओर मोड़ दिया, जिससे गाड़ी खाई में गिरने से बच गई।
यह दुर्घटना टाटा सूमो वाहन संख्या एचपी 01 एच 1731 के साथ घटी। रास्ते में अचानक ब्रेक फेल होने के कारण ड्राइवर ने गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो दिया था। यदि चालक समय पर गाड़ी को पहाड़ी के पत्थर से टकराकर नहीं रोकता, तो वाहन सीधे गहरी खाई में गिर सकता था और बड़ा हादसा हो जाता।
चालक के इस साहसिक और त्वरित फैसले के कारण वाहन में सवार सभी लोगों की जिंदगी सुरक्षित बच गई। हालांकि, इस टक्कर के कारण गाड़ी में मौजूद ड्राइवर समेत कुल छह लोग घायल हुए हैं। हादसे की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम को दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
चंबा मेडिकल कॉलेज में घायलों का चल रहा इलाज
दुर्घटना में घायल हुए लोगों में चालक जयदयाल, दिपिका, ममता, उनका बेटा आर्यन और सुंदरू शामिल हैं। इन सभी यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार और बेहतर देखभाल के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा में भर्ती करवाया गया है।
वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए मान सिंह के चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं। चंबा अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा कांगड़ा के लिए रेफर कर दिया है। तरैला के स्थानीय पटवारी ने मामले की रिपोर्ट तैयार कर ली है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि तरैला के पास ब्रेक फेल होने से टाटा सूमो दुर्घटनाग्रस्त हुई है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के असल कारणों की जांच की जा रही है।