चंबा में अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के समापन पर दिखा सीएम सुखविंदर सुक्खू का अनोखा अंदाज, खोखे में करवाई कटिंग

Share

- Advertisement -

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के सुप्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का एक बेहद अलग और सादगी भरा अंदाज देखने को मिला। रावी नदी में मिंजर प्रवाहित करने की पारंपरिक रस्म के बाद सीएम चंबा के स्थानीय बाजार में अचानक पैदल गश्त पर निकल पड़े।

बाजार में गश्त के दौरान मुख्यमंत्री सड़क किनारे स्थित एक साधारण खोखेनुमा दुकान पर रुके और वहां बैठकर हेयर कटिंग करवाई। एक राज्य के मुख्यमंत्री को किसी बड़े वीआईपी सैलून के बजाय छोटी सी दुकान में सामान्य नागरिक की तरह बाल कटवाते देख आसपास के लोग पूरी तरह हैरान रह गए।

स्थानीय दुकानदार से हाल-चाल पूछा, दिया निर्देश

दुकान पर रुकने के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने दुकान मालिक से बातचीत की और उसका हाल-चाल जाना। इसके साथ ही उन्होंने हेयर कटिंग को लेकर दुकानदार को कुछ निर्देश भी दिए। देखते ही देखते दुकान के बाहर स्थानीय लोगों और उनके प्रशंसकों का भारी हुजूम इकट्ठा हो गया।

स्थानीय निवासियों के अनुसार चंबा में संभवतः यह पहला मौका है जब किसी मुख्यमंत्री ने किसी छोटे आम दुकानदार की दुकान पर पहुंचकर सेवाएं ली हों। वहां मौजूद लोगों ने इस पल का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, मिली-जुली प्रतिक्रियाएं

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस वीडियो को खुद अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है। वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स की तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने सीएम के इस कदम को उनकी सादगी और ‘जमीन से जुड़ा इंसान’ बताकर तारीफ की है।

दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने इस वीडियो को लेकर तंज भी कसा है। कुछ लोगों ने बेरोजगारी और भर्तियों में देरी के मुद्दे उठाते हुए लिखा कि सरकार को ऐसे वीडियो डालने के बजाय प्रदेश के युवाओं के रोजगार और पेंडिंग भर्तियों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News