Tuticorin News: तमिलनाडु के तूतीकोरिन तट के करीब रविवार को एक बड़ा समुद्री हादसा टल गया। समुद्र में अचानक चली तेज हवाओं के कारण संतुलन बिगड़ने से मछुआरों की नाव पानी में पलटकर डूब गई। हालांकि, नौका पर सवार सभी सात मछुआरों ने तुरंत पानी में छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली।
हादसा होते ही पास में मौजूद एक दूसरी बोट के मछुआरों ने त्वरित कदम उठाते हुए सातों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यह नाव तूतीकोरिन के पास स्थित थरुवैकुलम गांव के निवासी सुगिर्थन की थी। यह नाव दो दिन पहले सात मछुआरों को लेकर गहरे समुद्र में मछली पकड़ने के लिए निकली थी।
तेज हवाओं से बिगड़ा नाव का संतुलन
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जब मछुआरे पुन्नाकयाल और तिरुचेंदूर के बीच समुद्र में जाल डाल रहे थे, तभी अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। हवा के दबाव से नौका का बैलेंस बिगड़ गया और पानी भरने से वह डूबने लगी। खतरे को देखते हुए सुगिर्थन और चालक दल के छह अन्य सदस्य तुरंत पानी में कूद गए।
हादसे का डरावना वीडियो भी सामने आया है। पास में काम कर रही एक मैकेनाइज्ड बोट के मछुआरों ने डूबी नाव के क्रू मेंबर्स को तैरते देखा और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी सातों लोगों को पानी से बाहर निकाला। इस सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और किसी की जान नहीं गई।
मत्स्य विभाग ने शुरू की मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही तटीय सुरक्षा समूह (CSG) पुलिस और मत्स्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने इस संबंध में मामला दर्ज कर दुर्घटना की आधिकारिक जांच शुरू कर दी है। तटीय इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और मौसम संबंधी चेतावनियों को लेकर भी समीक्षा की जा रही है।