Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में सोशल मीडिया पर मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। कुमारसैन क्षेत्र के एक व्यक्ति ने ट्रेडिंग ऐप के विज्ञापन पर भरोसा कर 7.82 लाख रुपये गंवा दिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
कुमारसैन तहसील के कवानू गांव निवासी सुनील मेहता ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद साइबर क्राइम पुलिस थाना शिमला में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। अब मामला क्षेत्राधिकार के तहत आगे की जांच के लिए कुमारसैन थाने में भेजा गया है।
फेसबुक विज्ञापन से मिला था दोगुना मुनाफे का लालच
शिकायतकर्ता के अनुसार उन्हें फेसबुक पर एक ट्रेडिंग ऐप का विज्ञापन दिखाई दिया था। विज्ञापन में रकम को दोगुना करने का दावा किया गया था। इस पर विश्वास करके पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 7.82 लाख रुपये का निवेश किया। बाद में साइबर ठगों ने धोखे से पूरी रकम हड़प ली।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि कुमारसैन थाना पुलिस रकम के लेनदेन और संबंधित बैंक खातों की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।