गुना में नेशनल हाईवे पर बाइक सवार युवक-युवती से लूटपाट, चार-पांच बदमाशों ने युवती से किया गैंगरेप

Share

- Advertisement -

Guna News: मध्य प्रदेश के गुना जिले में नेशनल हाईवे पर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एबी रोड पर मोटरसाइकिल खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़े युवक और युवती को चार-पांच अज्ञात बदमाशों ने अपना निशाना बनाया।

बदमाशों ने पहले युवक के साथ मारपीट कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद उन्होंने युवती को झाड़ियों में ले जाकर बारी-बारी से दरिंदगी की। राहगीरों के अचानक पहुंचने पर आरोपी मौके से भाग निकले।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम

यह घटना गुना के धरनावदा थाना क्षेत्र की है। बाइक में अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण पीड़ित युवक और युवती सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे चार-पांच अज्ञात अपराधियों ने हमला कर दिया।

वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर पड़ते ही आरोपी भाग गए। राहगीरों ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पीड़िता को सुरक्षित निकालकर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा।

एसपी ने गठित की विशेष जांच टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम का गठन किया है। पुलिस की कई टीमें रातभर आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाती रहीं।

पुलिस क्षेत्र के संदिग्धों पर कड़ी निगरानी रख रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों के सुराग जुटा लिए गए हैं और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News