West Godavari News: आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। चिंचिनादा वशिष्ठ पुल पर 29 वर्षीय डोड्डा साई और उनकी 28 वर्षीय पत्नी शिरीशा अपने 3 साल के मासूम बच्चे को स्कूटर पर अकेला छोड़कर उफनती गोदावरी नदी में कूद गए। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार दंपती गुरुवार रात करीब 10 बजे स्कूटर से पुल पर पहुंचे थे। उन्होंने बच्चे को अंधेरे में वहीं छोड़ा और नदी में छलांग लगा दी। राहगीरों ने जब मासूम को ‘अम्मा… नन्ना’ पुकारते हुए बिलखते देखा, तो तुरंत पुलिस बुलाई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को सुरक्षित रिश्तेदारों को सौंप दिया।
नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, आर्थिक तंगी बनी वजह
स्थानीय पुलिस, तैराकों और नावों की मदद से गोदावरी नदी में लापता पति-पत्नी की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि अभी तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार भारी कर्ज और गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहा था, जिसके चलते संभवत: उन्हें अपना घर भी बेचना पड़ा था।
डोड्डा साई पेशे से ड्राइवर थे और पहले खाड़ी देशों में भी काम कर चुके थे। पुलिस ने स्कूटर को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि वे घटना के सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच कर रहे हैं ताकि इस आत्मघाती कदम के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।