Delhi News: अगस्त महीने की पहली तारीख को व्यावसायिक एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों में 200 रुपये से अधिक की कटौती कर दी है। हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
ताजा कटौती के तहत कोलकाता में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 209 रुपये सस्ता हुआ है। इस फैसले के बाद कोलकाता में 19 किलो वाले सिलेंडर की नई कीमत 2,872.50 रुपये हो गई है। वहीं, राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 202 रुपये की कटौती दर्ज की गई है।
होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों को मिलेगी सीधी राहत
व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के दामों में आई इस बड़ी गिरावट से होटल, रेस्तरां, ढाबा और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों को सीधी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। ईंधन सस्ता होने के कारण बाहर खान-पान की लागत में कमी आने की संभावना है जिससे आम ग्राहकों को भी अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
एक तरफ जहां कमर्शियल सिलेंडर सस्ता हुआ है, वहीं घरेलू रसोई गैस का इस्तेमाल करने वाले सामान्य ग्राहकों के लिए राहत नहीं मिली है। घरेलू सिलेंडरों की दरें पहले के स्तर पर ही स्थिर बनी हुई हैं। इसके अलावा उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए नई वित्तीय गाइडलाइंस ने थोड़ी चिंता बढ़ा दी है।
उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए सब्सिडी नियमों में बड़ा बदलाव
1 अगस्त से लागू व्यवस्था के तहत प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कई लाभार्थियों को सिलेंडर महंगा पड़ सकता है। सरकार द्वारा सब्सिडी वाले सिलेंडरों की वार्षिक सीमा घटाकर केवल 4 सिलेंडर कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि पहले यह सीमा 9 सिलेंडर थी, जिसे चरणबद्ध तरीके से घटाकर पहले 6 और अब 4 तय कर दिया गया है।
जिन उज्ज्वला लाभार्थियों ने 1 अप्रैल से 31 जुलाई के दौरान अपने कोटे के 4 सिलेंडर रिफिल करवा लिए हैं, उन्हें अब सब्सिडी नहीं मिलेगी। ऐसे उपभोक्ताओं को चालू वित्त वर्ष में अगला सिलेंडर सामान्य बाजार मूल्य पर ही खरीदना पड़ेगा, जिससे उन्हें प्रति सिलेंडर 300 रुपये तक अतिरिक्त चुकाने पड़ सकते हैं।