हिमाचल में कांग्रेस सरकार पर भड़के राजीव बिंदल, लगाया विपक्षी नेताओं को झूठे मुकदमों में फंसाने का बड़ा आरोप

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर राजीव बिंदल ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक बदले की भावना से काम करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग चार साल से लोकतांत्रिक मूल्यों को नजरअंदाज करके विपक्षी नेताओं को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है।

डॉक्टर बिंदल ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जिन क्षेत्रों में जनता का भरोसा खो रहे हैं, वहां बीजेपी नेताओं पर केस दर्ज हो रहे हैं। चुनावी हार के बाद सत्ताधारी दल लोकतांत्रिक जनादेश स्वीकार करने के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध से काम कर रहा है और विपक्ष पर लगातार दबाव बना रहा है।

स्थानीय निकायों और उपचुनावों के बाद दर्ज हुए मामले

उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि धर्मशाला नगर निगम चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद विधायक सुधीर शर्मा पर मामला दर्ज हुआ। देहरा विधानसभा उपचुनाव के बाद बीजेपी नेता होशियार सिंह को निशाना बनाया गया। हमीरपुर जिला परिषद चुनाव में 19 में से 17 सीटें जीतने पर विधायक आशीष शर्मा और अन्य नेताओं पर मुकदमे दर्ज किए गए।

सोलन नगर निगम में बीजेपी की सफलता के बाद पार्षदों को भी राजनीतिक द्वेष का सामना करना पड़ा। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार योजनाबद्ध तरीके से विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि बीजेपी का हर कार्यकर्ता जनता के साथ खड़ा है और इस तरह की कार्रवाई से घबराने वाला नहीं है।

जनहित के मुद्दों पर विफल रहने का लगाया आरोप

डॉक्टर बिंदल ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार विकास, रोजगार और जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए वह विपक्ष के खिलाफ कार्रवाई का सहारा ले रही है। उन्हें पूरा विश्वास है कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर बीजेपी को स्पष्ट जनादेश देगी।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News