सोलन नगर निगम कार्यालय को ई-मेल से मिली बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कराकर जांच में जुटी पुलिस

Share

- Advertisement -

Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन में स्थित नगर निगम दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी के बाद शुक्रवार को हड़कंप मच गया। प्रशासन ने बिना देरी किए पूरे परिसर को खाली करा लिया। मौके पर पहुंची पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर संघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।

दफ्तर में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता को सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस की विभिन्न टीमें मौके पर पहुंच गईं। बम निरोधक दस्ते और जांच एजेंसियों ने पूरे परिसर की तलाशी ली। हालांकि, अभी तक कोई भी संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है।

ई-मेल और संदेश के जरिए मिली थी बम की धमकी

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें ई-मेल और मैसेज के जरिए बम धमाके की धमकी मिली थी। इसके तुरंत बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली और पूरे भवन में तलाशी अभियान शुरू किया।

हिमाचल प्रदेश के सरकारी संस्थानों को इस तरह की धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी राज्य के कई उपायुक्त कार्यालयों और सरकारी परिसरों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि, पूर्व में हुई जांच के दौरान ऐसी अधिकांश खबरें फर्जी और अफवाह ही साबित हुई थीं।

तकनीकी जांच में जुटीं पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां

पूर्व के मामलों के फर्जी निकलने के बावजूद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी सूचना को हलके में नहीं ले रही हैं। सोलन शहर के मध्य स्थित दफ्तर को मिली इस धमकी से आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

पुलिस ने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि ई-मेल और मैसेज के आईपी एड्रेस की तकनीकी जांच की जा रही है। धमकी भेजने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News