Narsinghpur News: मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर इंदिरा नगर के पास खड़े छह दोस्तों को एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने बुरी तरह कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में पांच दोस्तों की मौत हो गई।
हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक जबलपुर जिले के रहने वाले थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
झरने से पिकनिक मनाकर लौट रहे थे सभी दोस्त
सुआतला पुलिस थाना प्रभारी प्रियंका केवट के मुताबिक सभी दोस्त नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा पर स्थित हाथीनाला झरने पर पिकनिक मनाने गए थे। लौटते समय रास्ते में तस्वीरें लेने के लिए वे हाइवे किनारे रुके थे। इसी दौरान किसी अज्ञात ट्रक या डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान राजेंद्र पटेल, वीरेंद्र लोधी, रामपाल सिंह लोधी, जयपाल सिंह लोधी और नीरज सिंह लोधी के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान आकाश सिंह लोधी के तौर पर हुई है। राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य ने अस्पताल जाते समय दम तोड़ा।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
हादसे के तुरंत बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी उस गाड़ी का पता नहीं चल पाया है, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
इसके साथ ही पुलिस चश्मदीदों के बयान दर्ज कर फरार चालक और गाड़ी की पहचान करने में जुटी है। एक साथ पांच युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।