Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के करारी गांव में चोरी के शक में एक युवक को पेड़ से बांधकर पीटा गया और उसके चेहरे पर कालिख और चूना पोत दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़ित नरेंद्र कुमार की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में चोरी के शक में एक शख्स को बेहद दर्दनाक सजा मिली। ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया। इसके बाद उसके चेहरे पर कालिख और चूना पोत दिया और जमकर पिटाई की। गांव वालों की इस हरकत का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के करारी गांव का है।
चोरी की घटनाओं के बाद से था शक
जानकारी के मुताबिक, करारी गांव और आसपास के इलाकों में कुछ समय से चोरी की घटनाएं हो रही थीं। ग्रामीणों को नरेंद्र कुमार पर इन घटनाओं में शामिल होने का शक था। ग्रामीणों का आरोप है कि इससे पहले भी युवक को चोरी के एक मामले में कथित तौर पर पकड़ा गया था।
इसी संदेह के आधार पर कुछ ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद उसे पेड़ से बांधकर उसके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, उसके चेहरे पर कालिख और चूना भी पोत दिया गया। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया।
शिकायत के बाद चार आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद नरेंद्र कुमार ने पुलिस से शिकायत की। उसने चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर भीड़ के खुद ही फैसला सुनाने और कानून हाथ में लेने पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।