Agartala News: चीन के शंघाई से कोलकाता जा रही इंडिगो की फ्लाइट को मंगलवार को अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। उड़ान के दौरान दिल्ली के रहने वाले एक यात्री की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिसके बाद क्रू ने विमान का रुख अगरतला की ओर मोड़ दिया।
डिजिटल डेस्क, अगरतला। चीन के शंघाई से कोलकाता आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को मंगलवार को अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। फ्लाइट में एक यात्री की तबीयत अचानक खराब हो जाने के कारण ऐसा हुआ।
यात्री की तबीयत खराब होने के कारण इमरजेंसी लैंडिंग
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी IANS को बताया कि उड़ान के दौरान एक यात्री अचानक बीमार पड़ गया था। जिसके बाद मंगलवार सुबह इंडिगो के विमान को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
दिल्ली के रहने वाले इस यात्री को तुरंत मेडिकल मदद की जरूरत थी, जिसके चलते फ्लाइट क्रू ने विमान का रुख बदलकर उसे अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया।
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद बीमार यात्री को हवाई अड्डे से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अगरतला शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज मिलने के बाद, इंडिगो का विमान लगभग दो घंटे बाद फिर से अपनी मंजिल कोलकाता के लिए रवाना हो गया। समय रहते विमान का रुख बदलने और मेडिकल मदद मिलने से यात्री को जरूरी इलाज मिल सका।
महाराजा बीर बिक्रम हवाई अड्डा दूसरा सबसे व्यस्त एयरपोर्ट
AAI के अधिकारियों ने पहले बताया था कि गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलाई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाद, पूर्वोत्तर क्षेत्र का दूसरा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा महाराजा बीर बिक्रम हवाई अड्डा है, जिसने 2025-26 वित्तीय साल के दौरान लगभग 15 लाख यात्रियों को संभाला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 जनवरी 2022 को 438 करोड़ रुपये की लागत से बने महाराजा बीर बिक्रम हवाई अड्डे के नए इंटीग्रेटेड टर्मिनल का उद्घाटन किया था।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री कई बार कर चुके अनुरोध
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा और परिवहन मंत्री सुशांत चौधरी ने कई मौकों पर कहा है कि उन्होंने केंद्र सरकार से महाराजा बीर बिक्रम हवाई अड्डे से जल्द से जल्द अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया है, क्योंकि यहां अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित करने के लिए सभी जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं।
कैसा है बीर बिक्रम हवाई अड्डा?
बीर बिक्रम हवाई अड्डा के 30,000 वर्ग मीटर के क्षेत्र में फैले इस नए टर्मिनल को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह पीक आवर्स (भीड़भाड़ के समय) के दौरान घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों तरह के यात्रियों को एक साथ संभाल सके। गुवाहाटी में लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और इंफाल में बीर टिकेंद्रजीत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, पूर्वोत्तर क्षेत्र में फिलहाल अंतरराष्ट्रीय दर्जा रखते हैं।
राज्य की राजधानी से 20 किमी उत्तर में स्थित अगरतला हवाई अड्डा (जिसे पहले सिंगरबिल हवाई अड्डे के नाम से जाना जाता था) का नाम जुलाई 2018 में केंद्र सरकार ने बदलकर ‘महाराजा बीर बिक्रम किशोर माणिक्य बहादुर हवाई अड्डा’ कर दिया। यह हवाई अड्डा 1942 में त्रिपुरा के तत्कालीन राजा बीर बिक्रम किशोर माणिक्य बहादुर द्वारा दान की गई जमीन पर बनाया गया था। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान, इसका इस्तेमाल रॉयल एयर फोर्स के लिए एक तकनीकी बेस के रूप में किया जाता था।